अनु कपूर और पवन मल्होत्रा स्टारर फिल्म ‘उत्तर दा पुत्तर’ का आधिकारिक टीज़र हुआ रिलीज़
बॉलीवुड में जब भी लीक से हटकर और सामाजिक ताने-बाने से जुड़ी कहानियों की बात होती है, तो दर्शकों का एक्साइटमेंट अपने आप बढ़ जाता है। और अगर फिल्म में अनु कपूर, बृजेंद्र काला और पवन मल्होत्रा जैसे मझे हुए कलाकार हों, तो मनोरंजन की गारंटी पक्की हो जाती है। ऐसी ही एक बेहद दिलचस्प, पारिवारिक और हल्के-फुल्के रहस्य से भरपूर फिल्म ‘उत्तर दा पुत्तर’ का आधिकारिक टीज़र आज रिलीज़ कर दिया गया है। यह फिल्म हमारी रोज़मर्रा की ज़िंदगी, वास्तु शास्त्र, किस्मत और अंधविश्वास के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो हमें हंसाने के साथ-साथ एक गहरा मैसेज भी देगी।
फिल्म ‘उत्तर दा पुत्तर’ का मूल भाव आस्था और तर्क के बीच के खूबसूरत संतुलन को दर्शाता है। टीज़र में साफ तौर पर दिखाया गया है कि कैसे वास्तु और किस्मत जैसे विषयों के इर्द-गिर्द लोगों की जिज्ञासा और उलझनें बढ़ती हैं। यह कहानी इस विश्वास पर आधारित है कि किसी व्यक्ति की किस्मत सिर्फ सही दिशा ढूंढ लेने से बदल सकती है।
लेकिन फिल्म का असली तड़का यह है कि यह कहानी ‘सही उत्तर’ यानी ‘राइट डायरेक्शन’ की तलाश को केवल एक भौगोलिक दिशा से कहीं आगे ले जाती है। फिल्म यह विचार सामने लाती है कि जहां मान्यताएँ और परंपराएं हमें मार्गदर्शन और सुकून देती हैं, वहीं ज़िंदगी में असली बदलाव हमारे खुद के आत्मविश्वास और सही कदम उठाने से ही आता है।
इस अनोखी और हल्की-फुल्की रहस्यमयी कहानी को जीवंत बनाने के लिए मेकर्स ने इंडस्ट्री के एक से बढ़कर एक दमदार एक्टर्स को चुना है। फिल्म में अनु कपूर के साथ रुखसार रहमान, बृजेंद्र काला, पवन मल्होत्रा, इश्तियाक खान, जीवेशु अहलूवालिया, राजेंद्र सेठी, सुमित गुलाटी और नितिन अरोड़ा जैसे कलाकार अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरते नजर आएंगे।
फिल्म की कहानी खुद संदीप कपूर ने लिखी है, जबकि इसका शानदार लेखन और निर्देशन रविंदर सिवाच ने किया है। फिल्म को लेकर बात करते हुए प्रड्यूसर संदीप कपूर ने बताया कि— ‘उत्तर दा पुत्तर एक बेहद रिलेटेबल कहानी है। हम में से कई लोग अपनी ज़िंदगी में कभी न कभी जवाब ढूंढने के लिए बाहर देखते हैं— कभी दिशाओं में, तो कभी संकेतों में। यह फिल्म उसी मानवीय सोच को बेहद मनोरंजक तरीके से पेश करती है और टीज़र तो बस इस मजेदार सफर की एक छोटी सी झलक है।‘
“Search For Right Direction Begins…” की कड़क टैगलाइन के साथ यह फिल्म हंसी, सरप्राइज़ और कई दिलचस्प मोड़ों से भरी एक शानदार यात्रा पर ले जाने के लिए तैयार है। फिल्म की रिलीज डेट लॉक हो चुकी है और यह इसी साल 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज होने जा रही है।
वास्तु, विश्वास और कॉमेडी का यह अनोखा कॉम्बो टीज़र में तो बेहद कड़क नजर आ रहा है। अब देखना होगा कि 24 जुलाई को जब यह फिल्म बड़े पर्दे पर आएगी, तो दर्शकों को सही दिशा ढूंढने में कितनी मदद मिलती है।
