मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, कंगना की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ दिल्ली में टैक्स फ्री
नई दिल्ली: अपनी बेबाक आवाज और दमदार एक्टिंग से बॉलीवुड से लेकर संसद तक का सफर तय करने वाली कंगना रनौत एक बार फिर देश का दिल जीतने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। कंगना की बहुप्रतीक्षित फिल्म “भारत भाग्य विधाता” आने वाली 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। लेकिन रिलीज से ठीक पहले इस फिल्म ने राजधानी दिल्ली में एक बहुत बड़ा धमाका कर दिया है।
भुवनेश्वर और रायपुर के बाद कंगना की टीम जब इस फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग के लिए दिल्ली पहुंची, तो वहां खुद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मौजूद रहीं। फिल्म की दिल छू लेने वाली कहानी को देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसे दिल्ली में टैक्स फ्री घोषित करने का एक बड़ा और ऐतिहासिक ऐलान कर दिया है। इतना ही नहीं, इस मौके पर कंगना और मुख्यमंत्री ने मिलकर देश के उन ‘रीयल हीरोज’ को सम्मानित किया जो चुपचाप देश की सेवा में जुटे रहते हैं।
कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ को दिल्ली में जो रिस्पॉन्स मिला है, उसने रिलीज से पहले ही इसके ब्लॉकबस्टर होने की गवाही दे दी है। फिल्म देखने के बाद भावुक हुईं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बिना वक्त गंवाए इसे दिल्ली में टैक्स फ्री करने का आदेश जारी कर दिया, ताकि समाज का हर वर्ग इस प्रेरणादायक फिल्म को देख सके। कंगना की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा— ‘कंगना रनौत संसद में देश और सिनेमा के लोगों के लिए एक मजबूत आवाज हैं। उनकी यह फिल्म यह खूबसूरत संदेश देती है कि देशभक्ति केवल वर्दी पहनने वालों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के हर नागरिक के भीतर होती है।‘
दरअसल, इस फिल्म की रिलीज से पहले कंगना रनौत और उनकी टीम पूरे देश में एक बेहद अनोखा और दिल छू लेने वाला अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत फिल्म की टीम अलग-अलग शहरों में जाकर उन असली और अनदेखे नायकों को सम्मानित कर रही है, जो संकट के समय फ्रंटलाइन पर खड़े होकर बिना किसी वाहवाही के चुपचाप देश की सेवा करते हैं।
दिल्ली में आयोजित इस विशेष पहल के तहत पुलिसकर्मी, नर्स, वार्ड बॉय, सफाई कर्मचारी और सुरक्षा गार्ड्स को खास तौर पर आमंत्रित किया गया था। इस दौरान दिल्ली के कई रियल-लाइफ हीरोज को मंच पर बुलाकर खुद कंगना रनौत और मुख्यमंत्री ने ‘भारत भाग्य विधाता’ बैज देकर सम्मानित किया। इन अनदेखे हीरोज के सम्मान में पूरा ऑडिटोरियम तालियों की गूंज से गूंज उठा।
इस भव्य सम्मान समारोह और फिल्म को मिले टैक्स फ्री के तोहफे के बाद कंगना रनौत भी काफी भावुक नजर आईं और उन्होंने दिल्ली सरकार का शुक्रिया अदा किया। कंगना ने कहा— ‘मैं हमारी फिल्म की पूरी टीम की ओर से दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का दिल से धन्यवाद करती हूं। उन्होंने दिल्ली के विकास में जो सराहनीय बदलाव किए हैं, वो अद्भुत हैं। मेरे एक आमंत्रण पर उन्होंने तुरंत इस स्क्रीनिंग के लिए हामी भर दी, जिसके लिए मैं सदैव उनकी आभारी रहूंगी।‘
कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ को दिल्ली में टैक्स फ्री मिलने और रीयल हीरोज को मिले इस सम्मान ने यह साबित कर दिया है कि यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि देश के प्रति भक्ति का भाव है। 12 जून को जब यह फिल्म थिएटर्स में आएगी, तो यकीनन बॉक्स ऑफिस पर देशभक्ति का एक नया इतिहास रचेगी। क्या आप कंगना की इस नई फिल्म को देखने के लिए एक्साइटेड हैं? हमें कमेंट बॉक्स में अपनी राय जरूर बताएं।
