विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पहुंचे वृंदावन, प्रेमानंद महाराज के किए दर्शन
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा एक बार फिर अपनी भक्ति को लेकर चर्चा में हैं। गुरु पूर्णिमा से पूर्व विराट और अनुष्का अपने गुरुदेव संत प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लेने वृंदावन पहुंचे।
इंग्लैंड का दौरा खत्म करके भारत लौटते ही विराट कोहली सबसे पहले वृंदावन के लिए रवाना हुए. बारिश और मिट्टी के बीच नंगे पैर चलकर दोनों जिस तरह से भक्ति भाव में दिखे, उसने हर किसी का दिल जीत लिया.
इंग्लैंड में भारतीय टीम का हिस्सा रहे विराट कोहली दौरा खत्म होते ही भारत लौटे. इसके बाद बुधवार की सुबह ही वो अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुँच गए.
बुधवार सुबह करीब 7 बजे विराट और अनुष्का यमुना पार बेलवन में स्थित संत प्रेमानंद जी के ‘यमुना विहार कुंज आश्रम’ पहुंचे. आपको बता दें कि संत प्रेमानंद इन दिनों यमुना पार एकांतवास में साधना कर रहे हैं.
विराट और अनुष्का ने संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए, उनका पूजन किया और उनसे आशीर्वाद लिया. दोनों लगभग एक घंटे तक आश्रम में ही रहे और पूरी तरह भक्ति में लीन दिखाई दिए. विराट कोहली ने अपने माथे पर ब्रजरज से तिलक लगाया था और गले में तुलसी की कंठी पहनी हुई थी.
यमुना विहार कुंज आश्रम से निकलकर विराट और अनुष्का सीधे बाराहघाट स्थित संत रांगी शरण जी महाराज के आश्रम पहुंचे. जैसे ही लोगों को पता चला कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा आए हैं, वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. लोग अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगे.
माहौल को देखते हुए विराट-अनुष्का के सिक्योरिटी गार्ड्स और आश्रम के साधकों ने तुरंत एक सुरक्षा घेरा बनाया और दोनों को सुरक्षित आश्रम के अंदर तक पहुंचाया. आश्रम के अंदर पहुंचकर विराट और अनुष्का ने संत गौरांगी शरण जी के दर्शन किए, उनकी पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद लिया.
इस पूरे दौरे की सबसे खास बात यह रही कि दोनों ने किसी भी तरह की सुख-सुविधा की परवाह नहीं की. बारिश के मौसम में जिस तरह दोनों नंगे पैर आश्रम पहुंचे, उसने लोगों का ध्यान खींचा.
बारिश का मौसम होने की वजह से आश्रमों के बाहर काफी पानी और मिट्टी का दलदल भरा हुआ था. लेकिन इसके बावजूद विराट कोहली और अनुष्का शर्मा बिना किसी झिझक के अपनी गाड़ी से उतरे और नंगे पैर ही मिट्टी के बीच से चलते हुए आश्रम तक पहुंचे.
लाखों-करोड़ों फैंस के दिलों पर राज करने वाले इस स्टार कपल के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी. दोनों पूरी तरह से भक्ति भाव में डूबे दिखे. यह पहली बार नहीं है जब विराट कोहली और अनुष्का शर्मा प्रेमानंद महाराज के पास पहुंचे हैं. इससे पहले भी दोनों कई बार वृंदावन आकर महाराज जी के दर्शन कर चुके हैं.
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा लंबे समय से संत प्रेमानंद जी महाराज को मानते आ रहे हैं. जब भी विराट को क्रिकेट से ब्रेक मिलता है या वो किसी बड़े दौरे से लौटते हैं, तो अक्सर वृंदावन आकर आशीर्वाद लेते हैं.
