बेस्ट एक्टर बनने के बाद कार्तिक आर्यन पहुंचे महाकालेश्वर, भगवान शिव से मांगा आशीर्वाद

72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में अपनी फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड जीतने के बाद बॉलीवुड के हैंडसम हंक कार्तिक आर्यन सातवें आसमान पर हैं।

कार्तिक आर्यन अपनी इस बड़ी खुशी का शुक्रिया अदा करने सीधे मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। भगवान शिव के चरणों में बैठकर उन्होंने न सिर्फ शयन आरती में हिस्सा लिया, बल्कि नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना भी कही।

72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट एक्टर का खिताब अपने नाम करने के कुछ ही दिनों बाद कार्तिक आर्यन उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। कार्तिक ने अपनी इस पावन यात्रा की बेहद खूबसूरत तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर शेयर कीं, जो देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गईं।

मंदिर में मौजूद आम श्रद्धालुओं के बीच बेबी पिंक शर्ट पहने कार्तिक माथे पर त्रिपुंड-तिलक लगाए हाथ जोड़कर महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए। कार्तिक ने फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में सिर्फ दो शब्द लिखे— ‘जय महाकाल’। इस दौरान कार्तिक अकेले नहीं थे, बल्कि उनके माता-पिता भी उनके साथ मौजूद थे। पूरे परिवार ने मिलकर महाकाल की भव्य शयन आरती में हिस्सा लिया और परंपरा निभाते हुए कार्तिक ने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना भी कही।

नेशनल अवॉर्ड की घोषणा के बाद कार्तिक ने अपनी मां का भी एक बेहद भावुक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उनकी मां बेटे को इतना बड़ा सम्मान मिलने पर खुशी के आंसू रोती नजर आई थीं। कार्तिक ने उस पोस्ट में लिखा था— अब भी यकीन नहीं हो रहा। कुछ पल ऐसे होते हैं जिन्हें शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। सालों से देखा गया सपना आखिरकार पूरा हो गया। मैं हमेशा आभारी रहूंगा। आपको बता दें कि यह कार्तिक आर्यन के करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड है।

कबीर खान के डायरेक्शन में बनी ‘चंदू चैंपियन’ एक बायोपिक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जिसमें कार्तिक ने भारत के पहले पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुरलीकांत पेटकर का रोल निभाया था। भले ही दुनिया भर में 89 करोड़ की कमाई के साथ यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ा रिकॉर्ड न बना सकी हो, लेकिन कार्तिक की एक्टिंग ने क्रिटिक्स से लेकर नेशनल अवॉर्ड जूरी तक सभी का दिल जीत लिया।

सफलता मिलने के बाद अपनी जड़ों और ईश्वर को न भूलना ही एक सच्चे स्टार की पहचान होती है, और कार्तिक आर्यन ने महाकाल के दरबार में जाकर एक बार फिर यह साबित कर दिया है। ‘चंदू चैंपियन’ के लिए मिला यह नेशनल अवॉर्ड उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed