सौरव गांगुली की बायोपिक फिल्म ‘दादा’ का पहला पोस्टर हुआ रिलीज, सोशल मीडिया पर बुरी तरह किया गया ट्रोल

भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे कामयाब और दबंग कप्तानों में शुमार सौरव गांगुली की जिंदगी अब बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी। उनकी ऑफिशियल बायोपिक फिल्म ‘दादा’ का पहला लुक और पोस्टर रिलीज कर दिया गया है, जिसमें वर्सेटाइल एक्टर राजकुमार राव, सौरव गांगुली के सबसे आइकॉनिक और ऐतिहासिक अंदाज में नजर आ रहे हैं।

लेकिन, पोस्टर के सामने आते ही सोशल मीडिया दो धड़ों में बंट गया है। जहां एक तरफ फैंस राजकुमार राव के इस लुक को लेकर एक्साइटेड हैं, वहीं दूसरी तरफ इस पोस्टर के खराब एडिट और राजकुमार राव के सिलेक्शन को लेकर भारी ट्रोलिंग शुरू हो गई है।

फिल्म के इस पहले पोस्टर में राजकुमार राव लॉर्ड्स की बालकनी में खड़े नजर आ रहे हैं। उन्होंने नीले रंग की क्रिकेट ट्राउजर पहनी हुई है और हाथ में टीम इंडिया की जर्सी लहराते दिखाई दे रहे हैं। यह वही ऐतिहासिक और यादगार पल है, जब साल 2002 में नेटवेस्ट ट्रॉफी के फाइनल में इंग्लैंड को धूल चटाने के बाद सौरव गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी टी-शर्ट उतारकर लहराई थी। यह एक ऐसा पल था जो हमेशा-हमेशा के लिए ‘दादा’ की पहचान बन गया।

पोस्टर पर फिल्म का नाम बड़े-बड़े अक्षरों में ‘दादा’ लिखा है, और साथ ही एक बेहद कड़क टैगलाइन दी गई है— ‘उन्होंने सिर्फ खेला नहीं, खेल को बदल दिया’। पोस्टर के मुताबिक, यह शानदार फिल्म अगले साल यानी 14 मई, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

फिल्म का ऐलान होते ही जहां ‘प्रिंस ऑफ कोलकाता’ के फैंस खुश थे, वहीं राजकुमार राव का यह लुक सामने आते ही सोशल मीडिया का एक बड़ा वर्ग उन्हें इस रोल के लिए पूरी तरह ‘मिसफिट’ बता रहा है। पोस्टर की खराब एडिटिंग को लेकर लोगों ने मेकर्स की क्लास लगा दी है।

एक यूजर ने भड़ास निकालते हुए लिखा— ‘ये क्या मजाक है, चैट जीपीटी इससे बेहतर एडिट कर देता।’ वहीं दूसरे ने कमेंट किया— ‘नहीं भाई, इस रोल में कोई और डिजर्व करता था, आप नहीं।’ एक और यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा— ‘ये पूरी तरह फोटोशॉप लग रहा है, क्या सच में मेकर्स ने इसे रिलीज किया है? ऐसा लग रहा है जैसे पोस्टर बनाने वाले ने कल रात ही फोटोशॉप सीखी हो।’ कई यूजर्स ने तो इस पोस्टर को सोशल मीडिया से तुरंत रिमूव करने तक की मांग कर डाली है।

‘दादा’ फिल्म सौरव गांगुली की जिंदगी की वो कहानी दिखाएगी जिसमें उनके बचपन के संघर्ष से लेकर भारतीय क्रिकेट टीम का कप्तान बनने, टीम इंडिया को विदेशों में जीतना सिखाने और क्रिकेट इतिहास को बदलने के यादगार पलों को समेटा जाएगा। राजकुमार राव अपने करियर में पहली बार किसी क्रिकेटर का रोल प्ले कर रहे हैं और इस रोल के लिए उन्होंने दादा के सिगनेचर शॉट्स और बॉडी लैंग्वेज पर काफी मेहनत की है।

हालांकि, कुछ समझदार फैंस का यह भी मानना है कि सिर्फ एक पोस्टर देखकर किसी नेशनल अवॉर्ड विनर एक्टर को जज करना जल्दबाजी होगी। असली जादू तो तब दिखेगा जब फिल्म का टीज़र और राजकुमार राव का पूरा ट्रांसफॉर्मेशन वीडियो सामने आएगा। फिलहाल, यह पहला लुक इंटरनेट पर नंबर वन ट्रेंड बना हुआ है। सौरव गांगुली की शख्सियत को पर्दे पर उतारना किसी भी एक्टर के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती है। अब देखना  दिलचस्प होगा कि राजकुमार राव इस ट्रोलिंग का जवाब अपने कड़क अभिनय और टीज़र से कैसे देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *