‘बिग बॉस 20 में आम्रपाली दुबे की धुआंधार पारी’, निरहुआ ने फैंस से की भर-भरकर वोट करने की अपील

Bigg Boss: सलमान खान के चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस सीजन 20’ में अब खेल अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। घर के अंदर जहां कंटेस्टेंट्स के बीच दांव-पेंच और तकरार चरम पर है, वहीं बाहर उनके करीबी और सितारे उन्हें जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

इसी कड़ी में भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और नेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने अपनी सबसे करीबी को-स्टार आम्रपाली दुबे के समर्थन में बड़ा बयान दिया है। निरहुआ ने आम्रपाली के 75 दिनों के सफर की जमकर तारीफ की है और दावा किया है कि इस बार बिग बॉस 20 की ट्रॉफी भोजपुरी इंडस्ट्री में ही आएगी।

भोजपुरी सुपरस्टार निरहुआ ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर आम्रपाली दुबे के गेम की खुलकर सराहना की है। 75 दिनों तक बिग बॉस के घर में टिके रहने और शानदार प्रदर्शन करने पर निरहुआ ने कहा— ‘बिग बॉस में आम्रपाली जी क्या धुरंधर खेल रही हैं। उनका बेबाक अंदाज, उनकी बुद्धिमत्ता और सूझबूझ, उनका एकदम से स्टाइल सब कुछ लोगों को दीवाना बना दिया है।

निरहुआ के मुताबिक, आम्रपाली जिस तरह बेबाकी और कॉन्फिडेंस के साथ अपनी बात रखती हैं, उसने हर किसी को उनका मुरीद बना दिया है। निरहुआ यहीं नहीं रुके, उन्होंने आम्रपाली दुबे की जीत को लेकर बड़ी उम्मीद भी जताई। उन्होंने कहा कि हर कोई यही मान रहा है कि आम्रपाली जिस बेहतरीन तरीके से खेल रही हैं, उससे वह पक्का बिग बॉस 20 की ट्रॉफी अपने नाम करेंगी। साथ ही निरहुआ ने अपने और आम्रपाली के फैंस से भावुक अपील करते हुए कहा कि इस हफ्ते उन्हें सुरक्षित करने के लिए भर-भरकर वोट दें, ताकि उनका यह सफर और शानदार बन सके।

निरहुआ और आम्रपाली दुबे की दोस्ती और केमिस्ट्री भोजपुरी सिनेमा में किसी से छिपी नहीं है। आम्रपाली ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 2014 में आई फिल्म ‘निरहुआ हिंदुस्तानी’ से निरहुआ के साथ ही की थी। वह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट साबित हुई थी, और उसके बाद यह जोड़ी सफलता की नई इबारत लिखती गई। दोनों अब तक करीब 14 से 15 फिल्मों में एक साथ नजर आ चुके हैं, जिनमें से ज्यादातर ने दर्शकों का भरपूर प्यार बटोरा है।

बिग बॉस के घर में 75 दिन पूरे करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है, और जिस आत्मविश्वास के साथ आम्रपाली दुबे आगे बढ़ रही हैं, उससे फैंस की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि जनता के वोट और निरहुआ के इस समर्थन का उन्हें कितना फायदा मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed