सोनम बाजवा और परमवीर सिंह चीमा ने दिल्ली में प्रमोट की अपनी अपकमिंग फिल्म ‘पिट्ट सियापा’
ग्लैमर और कॉमेडी की क्वीन सोनम बाजवा एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने आ रही हैं। उनकी नई फिल्म ‘पिट्ट सियापा’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है और फिल्म की टीम प्रमोशन के लिए दिल्ली पहुंची। अंतिम संस्कार के बिजनेस पर आधारित इस फिल्म में कॉमेडी और कन्फ्यूजन का ऐसा तड़का है, जो आपने पहले कभी नहीं देखा होगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सोनम बाजवा काफी खुश नजर आईं। उन्होंने बताया कि इस फिल्म की कहानी बहुत अलग और दिलचस्प है। सोनम के मुताबिक, चूंकि जल्द ही गर्मी की छुट्टियां शुरू होने वाली हैं, इसलिए एक ऐसी कॉमेडी फिल्म आना जरूरी था जिसे पूरा परिवार साथ बैठकर देख सके। सोनम ने कहा— ‘मुझे कॉमेडी करना बहुत पसंद है और यह फिल्म हंसी के साथ–साथ इमोशन और ड्रामा का पूरा डोज़ देगी।‘ फिल्म में सोनम एक बिल्कुल नए और अनदेखे किरदार में नजर आने वाली हैं, जिसे लेकर उनके फैंस काफी एक्साइटेड हैं।
फिल्म के लीड एक्टर परमवीर सिंह चीमा के लिए यह फिल्म बेहद खास है। उन्होंने बताया कि सोनम बाजवा पंजाब की सुपरस्टार हैं और उनके साथ काम करना किसी सपने जैसा है। परमवीर ने कहा— ‘मैं हमेशा से सोनम की एक्टिंग का फैन रहा हूं और यह मेरा सौभाग्य है कि मेरी पहली पंजाबी फिल्म उनके साथ आ रही है।‘ फिल्म के निर्माता पंकज गुप्ता, संदीप वासवानी और सूर्या गुप्ता ने भी भरोसा जताया कि यह फिल्म हर उम्र के दर्शकों को पसंद आएगी। मूवी टनल प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म कॉमेडी का एक नया बेंचमार्क सेट करने को तैयार है।
“पिट्ट सियापा” की कहानी एक अनोखे कॉन्सेप्ट पर टिकी है। इसकी शुरुआत एक फ्यूनरल बिजनेस से होती है, जो धीरे-धीरे लव स्टोरी, ढेर सारे कन्फ्यूजन और अनएक्सपेक्टेड ट्विस्ट्स तक जा पहुंचती है। कहानी का यही अलग अंदाज इसे दूसरी पंजाबी कॉमेडी फिल्मों से जुदा बनाता है। टीज़र के आते ही सोशल मीडिया पर इसके डायलॉग्स वायरल हो रहे हैं। फिल्म में पंजाबी हास्य का जबरदस्त तड़का देखने को मिलेगा, जो दर्शकों को लोटपोट करने की गारंटी देता है।
अनोखा कॉन्सेप्ट और दमदार स्टार कास्ट— ‘पिट्ट सियापा’ बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है, यह देखना दिलचस्प होगा। लेकिन इतना तय है कि इस गर्मी दर्शकों को हंसी का फुल पैकेज मिलने वाला है।
