बिहार में आज से अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर, पूरे राज्य में प्रशासन अलर्ट
बिहार की सड़कों पर पैदल चलना हो या गाड़ियों का निकलना, अतिक्रमण हमेशा से एक बड़ी बाधा रहा है। लेकिन अब इंतज़ार की घड़ियाँ खत्म हो गई हैं। आज यानी 1 अप्रैल से बिहार सरकार ने पूरे राज्य में एक व्यापक ‘अतिक्रमण हटाओ अभियान’ का आगाज़ कर दिया है। पटना हाई कोर्ट के कड़े रुख के बाद राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सभी जिलों के डीएम को कड़े निर्देश जारी कर दिए हैं।
पटना हाई कोर्ट के कई मामलों में दिए गए स्पष्ट आदेशों के बाद बिहार सरकार अब ‘फुल एक्शन मोड’ में है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल ने राज्य के सभी जिलाधिकारियों (DM), एडिशनल कलेक्टर्स और अंचल अधिकारियों को एक सख्त पत्र भेजा है। निर्देश में साफ कहा गया है कि बिहार लोक भूमि अतिक्रमण अधिनियम, 1956 की धारा 6(1) के तहत अब कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जिन इलाकों में लंबे समय से अवैध कब्जे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर बुलडोजर चलाया जाएगा।
इस अभियान का एक बड़ा हिस्सा भारत-नेपाल सीमा से जुड़ा है। बिहार के सात जिलों में सीमावर्ती ‘नो मैन्स लैंड’ पर बढ़ते अतिक्रमण को सरकार ने गंभीरता से लिया है। सर्वे ऑफ इंडिया के सहयोग से इन इलाकों में सीमांकन का काम शुरू हो चुका है। संयुक्त सर्वेक्षण के बाद इन संवेदनशील क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर बेदखली की कार्रवाई की जाएगी। सरकार का मानना है कि सीमावर्ती इलाकों में अतिक्रमण न केवल कानून-व्यवस्था, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी बड़ी चुनौती है।
हालांकि, इस कड़े रुख के बीच सरकार ने मानवीय चेहरा भी दिखाया है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि अतिक्रमण हटाने से पहले गरीब और असहाय लोगों के पुनर्वास का पूरा ध्यान रखा जाए। सड़कों पर जीवन-यापन करने वालों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और दुकानदारों के लिए वेंडिंग जोन सुनिश्चित करने की बात कही गई है। सरकार की कोशिश है कि शहर भी साफ हों और किसी गरीब का रोजगार भी प्रभावित न हो। मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए ही इस अभियान को आगे बढ़ाने की रणनीति तैयार की गई है।
बिहार की सड़कों को जाम मुक्त करने की ये पहल सराहनीय है, लेकिन चुनौती ये है कि क्या हटाए गए अतिक्रमण दोबारा वापस नहीं लौटेंगे? हाई कोर्ट की निगरानी में शुरू हुआ ये अभियान अगले कुछ दिनों तक पूरे प्रदेश में हलचल मचाने वाला है। क्या आपके शहर में भी आज बुलडोजर चला? हमें कमेंट्स में जरूर बताएं।
