लंबे इंतजार के बाद रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का ट्रेलर हुआ लॉन्च, फिल्म दिवाली पर होगी रिलीज़

आखिरकार… वो घड़ी आ ही गई, जिसका पूरे देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को बेसब्री से इंतज़ार था। बॉलीवुड और भारतीय सिनेमा के इतिहास का सबसे बड़ा धमाका हो चुका है। रणबीर कपूर और नितेश तिवारी की 4000 करोड़ के बजट में बनी मेगा-फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर वर्ल्डवाइड रिलीज़ कर दिया गया है। और सबसे खास बात यह रही कि मेकर्स ने इस अलौकिक ट्रेलर को गुरुवार सुबह तड़के 4 बजकर 15 मिनट पर… यानी ‘ब्रह्म मुहूर्त’ के पावन समय पर दर्शकों के सामने रखा।

ट्रेलर को देखने के बाद हर किसी की ज़बान पर बस एक ही बात है कि— ‘इंतज़ार का फल वाकई बहुत मीठा और अलौकिक होता है।’ ब्रेथटेकिंग विजुअल्स, मन मोह लेने वाला संगीत और रणबीर-यश का यह अवतार आपको एक अलग ही भक्तिमय और जादुई दुनिया में ले जाता है।

आइए आपको सिलसिलेवार तरीके से बताते हैं कि 4 मिनट 10 सेकेंड लंबे इस ट्रेलर में ऐसा क्या है, जिसने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। ट्रेलर की शुरुआत होती है साउथ के रॉकस्टार यश यानी दशानन रावण की एक बेहद पावरफुल और महाशक्तिशाली एंट्री के साथ। रावण के लुक में यश की भव्यता साफ दिखाई देती है। सबसे अच्छी बात यह है कि मेकर्स ने उनके लुक को जबरदस्ती ड्रामेटिक या ओवर-द-टॉप नहीं बनाया है… सब कुछ बेहद नेचुरल और ग्रैंड लग रहा है।

रावण की एंट्री के ठीक बाद स्क्रीन पर आते हैं रणबीर कपूर… यानी मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के रूप में। रणबीर का शांत, ओजस्वी और सौम्य चेहरा दर्शकों को बहुत पसंद आया। इसके साथ ही, ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान और हॉलीवुड के लीजेंडरी म्यूज़िक कंपोज़र हान्स जिमर (Hans Zimmer) के बैकग्राउंड स्कोर ने इस ट्रेलर में प्राण फूंक दिए हैं। जब इस फिल्म की कास्टिंग अनाउंस हुई थी, तो कई लोगों ने साई पल्लवी को सीता माता के रोल में चुने जाने पर सवाल खड़े किए थे। लेकिन इस ट्रेलर को देखने के बाद आलोचकों को उनका साक्षात जवाब मिल गया है। साई की आंखों में छलकता भाव और उनकी सादगी दर्शकों का दिल जीत रही है। उन्होंने सीता के किरदार की पवित्रता को बखूबी पर्दे पर उतारा है। लक्ष्मण के किरदार में टीवी और ओटीटी के स्टार रवि दुबे बहुत ही प्रभावशाली लग रहे हैं। रानी कैकेयी के रोल में लारा दत्ता का एक्सप्रेशन और एटीट्यूड भी कमाल का है।

आपको याद होगा कि जब कुछ समय पहले इस फिल्म की शुरुआती झलकियां सामने आई थीं, तो कई लोग थोड़े निराश हुए थे. लेकिन डायरेक्टर नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने दर्शकों की हर बात को सुना, समझा और इस बार किसी को भी शिकायत का एक भी मौका नहीं दिया है। ‘रामायण’ का यह ट्रेलर न सिर्फ भारतीय दर्शकों को हमारी महान संस्कृति से जोड़ेगा, बल्कि ग्लोबल लेवल पर भी भारतीय सिनेमा का डंका बजाएगा।

फैंस के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि यह मेगा-बजट फिल्म इसी साल दिवाली के शुभ अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। यानी इस दिवाली पूरा देश सिनेमाघरों में रामकथा का उत्सव मनाने वाला है। भव्य विजुअल्स, अलौकिक संगीत और दिग्गजों की स्टारकास्ट से सजी ‘रामायण’ का यह ट्रेलर इस वक्त इंटरनेट पर हर रिकॉर्ड तोड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed