फिल्म ‘कृष्णा और चिट्ठी’ के टीज़र ने सोशल मीडिया पर मचाया तहलका

आज के दौर में जहाँ फिल्में अक्सर एक्शन और ड्रामे के इर्द-गिर्द घूमती हैं, वहीं एक ऐसी फिल्म आ रही है जो सीधे आपके दिल और आपकी आस्था को छुएगी। हम बात कर रहे हैं फिल्म ‘कृष्णा और चिट्ठी’ की, जिसका टीज़र हाल ही में रिलीज हुआ है। इस फिल्म में क्रिकेट के भगवान सचिन तेंडुलकर, रामायण के ‘राम’ अरुण गोविल और ‘तारे जमीं पर’ फेम दर्शील सफारी एक साथ नजर आ रहे हैं।

फिल्म ‘कृष्णा और चिट्ठी’ के टीज़र की सबसे बड़ी खूबी है इसकी स्टारकास्ट। इसमें तीन अलग-अलग दौर के सितारों को एक साथ लाना किसी करिश्मे से कम नहीं है। टीज़र का सबसे इमोशनल हिस्सा वो है जहाँ दर्शील सफारी के जरिए मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर के मशहूर ‘मैं खेलेगा’ वाले पल को दिखाया गया है। यह सीन न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों को पसंद आ रहा है, बल्कि यह जुनून और हार न मानने वाले जज्बे की एक मिसाल बनकर उभरा है।

टीज़र की शुरुआत ही बेहद प्रभावशाली है। इस्कॉन के अमोघ लीला प्रभु जी की आवाज ने इसमें एक रूहानी गहराई भर दी है। जब टीज़र में ‘यदा यदा हि धर्मस्य…’ का मंत्र सुनाई देता है, तो दर्शकों को एक अलग ही शांति का अहसास होता है। विनय भारद्वाज के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म परिवार, इंसानियत और भगवान कृष्ण के प्रति अटूट विश्वास की बात करती है। प्रोड्यूसर रविना ठक्कर और विनय भारद्वाज ने ‘शाइनिंग सन स्टूडियोज़’ के बैनर तले एक ऐसी फिल्म तैयार की है जिसे पूरा परिवार एक साथ देख सके।

सोशल मीडिया पर फिल्म के टीज़र को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। लोग इसे ‘हर इंडियन फैमिली के लिए जरूरी फिल्म’ बता रहे हैं। टीज़र को देखकर यह साफ है कि फिल्म सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि श्रीकृष्ण की कृपा और उनकी मौजूदगी का एक खूबसूरत एहसास है। लोग दर्शील सफारी की एक्टिंग और अरुण गोविल की मौजूदगी को लेकर काफी एक्साइटेड हैं। सबकी नजरें अब फिल्म की रिलीज पर टिकी हैं।

फिल्म ‘कृष्णा और चिट्ठी’ 29 मई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। आस्था और भावनाओं के इस अनोखे मेल को बड़े पर्दे पर देखना वाकई एक शानदार अनुभव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *