खेसारी लाल यादव और नीलम गिरी का नया गाना ‘ठुमका ठुमका’ यूट्यूब पर हुआ वायरल

भोजपुरी इंडस्ट्री में अगर कोई ‘हिट मशीन’ है, तो वो हैं खेसारी लाल यादव। खेसारी का नाम ही काफी है किसी गाने को ट्रेंडिंग लिस्ट में पहुँचाने के लिए। अभी आकांक्षा पुरी के साथ उनके रोमांटिक गाने का खुमार उतरा भी नहीं था कि खेसारी ने नीलम गिरी के साथ अपना नया गाना ‘ठुमका ठुमका’ रिलीज कर दिया है। 27 अप्रैल को आए इस गाने ने यूट्यूब पर ऐसी रफ़्तार पकड़ी है कि फैंस इसे ‘साल का सबसे बड़ा डांस नंबर’ बता रहे हैं।

खेसारी लाल यादव और नीलम गिरी की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री हमेशा से ही फैंस की पहली पसंद रही है। ‘ठुमका ठुमका’ गाने में दोनों ने ऐसे डांस स्टेप्स किए हैं, जिन्हें देख फैंस मुरीद हो गए हैं। इस गाने को खेसारी के साथ खुशी कक्कड़ ने अपनी आवाज दी है, जबकि दीपक ब्याहट के लिरिक्स और संतोष राज के म्यूजिक ने इसमें जान फूंक दी है। पवन पाल के निर्देशन में बना यह वीडियो विजुअली इतना रिच है कि रिलीज के महज कुछ ही घंटों के भीतर यह मिलियन व्यूज की लिस्ट में आ चुका है। कमेंट सेक्शन में फैंस की दीवानगी साफ देखी जा सकती है।

खेसारी के लिए पिछला एक हफ्ता रिकॉर्ड तोड़ रहा है। एक तरफ जहां नीलम गिरी के साथ उनका डांस नंबर छाया हुआ है, वहीं महज 8 दिन पहले आकांक्षा पुरी के साथ रिलीज हुआ गाना ‘लईका नियन राजा करस’ 8.2 मिलियन व्यूज के साथ यूट्यूब पर राज कर रहा है। काजल राघवानी और अक्षरा सिंह के बाद अब आकांक्षा पुरी के साथ खेसारी की जोड़ी को भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। बैक-टू-बैक हिट्स देकर खेसारी ने यह साफ कर दिया है कि भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री में फिलहाल उनका मुकाबला करना मुश्किल है।

खेसारी लाल यादव का करियर संघर्ष और सफलता की एक मिसाल है। साल 2010 में उन्होंने संगीत की दुनिया में कदम रखा था,  2011 में फिल्म ‘साजन चले ससुराल’ से अभिनय की पारी शुरू की। आज वे न केवल भोजपुरी के सुपरस्टार हैं, बल्कि ‘बिग बॉस’ और ‘बैटलग्राउंड सीजन 2’ जैसे हिंदी रियलिटी शोज के जरिए नेशनल लेवल पर अपनी पहचान बना चुके हैं। उनकी गायकी और डांस का ही जादू है कि उन्हें ‘भोजपुरिया ऑलराउंडर’ कहा जाता है।

खेसारी लाल यादव के ठुमकों ने तो गर्मी बढ़ा दी है। अब देखना यह है कि ‘ठुमका ठुमका’ गाना व्यूज के कितने नए कीर्तिमान स्थापित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *