नेपाल एयरलाइंस ने भारत के गलत नक्शे पर मांगी माफी, खेसारी लाल यादव के विरोध का दिखा असर
राष्ट्रवाद और देश की सीमाओं के सम्मान के मुद्दे पर भोजपुरी फिल्म जगत के दिग्गज कलाकार खेसारी लाल यादव हमेशा ही अपनी आवाज बुलंद करते रहे हैं। हाल ही में नेपाल एयरलाइंस ने एक ऐसी हिमाकत की, जिसने करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान को ठेस पहुँचाई। एयरलाइंस ने भारत के अभिन्न अंग जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को पड़ोसी देश का हिस्सा दिखा दिया था। इसके बाद खेसारी लाल यादव ने जिस तरह से मोर्चा संभाला, उसका नतीजा यह हुआ कि नेपाल सरकार की इस कंपनी को न केवल अपना पोस्ट डिलीट करना पड़ा, बल्कि माफी भी मांगनी पड़ी।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब नेपाल एयरलाइंस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर एक नेटवर्क मैप और प्रमोशनल विज्ञापन साझा किया। इस ग्राफिक में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पूरे केंद्र शासित प्रदेश को भारत की बजाय पाकिस्तान के हिस्से के तौर पर दिखाया गया था। जैसे ही यह पोस्ट सार्वजनिक हुई, सोशल मीडिया पर भारतीयों का गुस्सा फूट पड़ा।
भोजपुरी के ‘ट्रेंडिंग स्टार’ खेसारी लाल यादव ने इस पर तुरंत कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने दो टूक शब्दों में लिखा कि यह कोई मामूली बात नहीं है, बल्कि जानबूझकर किया गया काम लगता है। खेसारी ने इसे भारत को ‘चिढ़ाने’ वाली हरकत करार देते हुए सवाल किया कि आखिर एक शांत और अच्छा पड़ोसी देश किस मजबूरी में ऐसी गलतियां करने लगा है? उन्होंने एयरलाइंस को चेतावनी दी कि सिर्फ पोस्ट डिलीट करके भाग जाने से काम नहीं चलेगा, उन्हें इसका जवाब देना ही होगा।
आलोचना तेज होते ही और भारतीय विदेश मंत्रालय से राजनयिक विरोध की मांग उठते ही नेपाल एयरलाइंस के हाथ-पांव फूल गए। कंपनी ने आनन-फानन में विवादित पोस्ट हटाया और एक विस्तृत माफीनामा जारी किया। एयरलाइंस ने स्वीकार किया कि मैप में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को लेकर बड़ी गलतियां थीं, जो उनके आधिकारिक रुख को नहीं दर्शातीं। उन्होंने भारत के साथ अपने रिश्तों को ‘मजबूत’ बताते हुए खेद व्यक्त किया।
इस माफीनामे पर खेसारी लाल यादव ने अपनी चिर-परिचित सादगी के साथ प्रतिक्रिया दी। खेसारी ने X पर लिखा— ‘अंग्रेजी तो नहीं समझ पाए इतना भारी, लेकिन लगा कि माफी मांग लिया गया है। भाई हमार!‘ खेसारी के इस ‘भाई हमार’ वाले संदेश ने यह साफ कर दिया कि विरोध देश के अपमान के खिलाफ था, पड़ोसी देश के खिलाफ नहीं।
खेसारी लाल यादव के इस रुख की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। उन्होंने न केवल एक कलाकार के तौर पर बल्कि एक जागरूक भारतीय नागरिक के तौर पर देश के सम्मान की रक्षा की। नेपाल एयरलाइंस के इस माफीनामे के बाद अब यह उम्मीद की जा रही है कि भविष्य में पड़ोसी देश ऐसी ‘तकनीकी गलतियों’ से बचेंगे जो करोड़ों लोगों की भावनाओं को आहत करती हैं।
