विवादों और प्रमाणन की बाधाओं को पार कर सिनेमाघरों में आने को तैयार के.सी. बोकाडिया की ‘तीसरी बेगम’, 29 मई को होगी रिलीज़

'Teesri Begum' Movie Poster

मुंबई: बॉलीवुड में कुछ नाम ऐसे होते हैं जो सफलता की गारंटी माने जाते हैं। ऐसा ही एक नाम है के.सी. बोकाडिया। संजीव कुमार से करियर की शुरुआत करने वाले और अमिताभ बच्चन को ‘आज का अर्जुन’ बनाने वाले बोकाडिया साहब ने अपने 50 साल के करियर में लगभग 60 फिल्में दी हैं। अब वे अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘तीसरी बेगम’ के साथ बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। सेंसर बोर्ड की बाधाओं को पार कर अब यह फिल्म रिलीज के लिए तैयार है।

के.सी. बोकाडिया का फिल्मी सफर फिल्म ‘रिवाज़’ से शुरू हुआ, जिसमें संजीव कुमार और माला सिन्हा जैसे दिग्गज कलाकार थे। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। ‘प्यार झुकता नहीं’, ‘मैदान-ए-जंग’ और ‘फूल बने अंगारे’ जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने साबित किया कि वे दर्शकों की नब्ज पहचानते हैं। उन्होंने महान निर्देशक के. आसिफ की अधूरी फिल्म ‘लव एंड गॉड’ को पूरा कर अपनी प्रतिबद्धता और अनुभव का लोहा मनवाया। रजनीकांत के साथ 5 फिल्में और अमिताभ बच्चन के साथ ‘लाल बादशाह’ जैसी हिट्स देना उनकी विशेष उपलब्धि रही है।

बोकाडिया साहब ने न केवल पुराने दिग्गजों बल्कि नई पीढ़ी के सुपरस्टार्स के साथ भी कमाल किया। शाहरुख खान, सलमान खान और ऐश्वर्या राय को एक साथ ‘हम तुम्हारे हैं सनम’ में लाना उनके विजन का ही परिणाम था। हाल ही में अनुपम खेर और अन्नू कपूर अभिनीत उनकी फिल्म ‘सिग्नेचर’ और दूरदर्शन पर प्रसारित धारावाहिक ‘सरदार’ को दर्शकों ने खूब सराहा। यह दिखाता है कि बदलते समय के साथ भी बोकाडिया साहब की कहानियों की पकड़ कमजोर नहीं हुई है।

अब के.सी. बोकाडिया की नई फिल्म ‘तीसरी बेगम’ 29 मई को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने जा रही है। फिल्म की कहानी एक ऐसे मुस्लिम किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसने तीन शादियां की हैं—एक मुस्लिम, एक राजपूत और एक ब्राह्मण महिला से। फिल्म अपनी बोल्ड और सामाजिक विषय-वस्तु के कारण प्रमाणन प्रक्रिया में अटकी हुई थी। लेकिन अब सभी कानूनी और तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद इसका रास्ता साफ हो गया है। माना जा रहा है कि यह फिल्म समाज के कई अनछुए पहलुओं को उजागर करेगी।

के.सी. बोकाडिया जैसे फिल्मकार आज की पीढ़ी के लिए एक संस्थान की तरह हैं। ‘तीसरी बेगम’ के जरिए वे एक बार फिर सिनेमाई दुनिया में हलचल मचाने को तैयार हैं। देखना होगा कि 29 मई को दर्शक इस नई कहानी को कितना प्यार देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *