पवन सिंह से तलाक को लेकर ज्योति सिंह के वकील ने मांगा 10 करोड़ रुपये और मकान, सेटलमेंट पर फंसा पेंच
आरा, बिहार: भोजपुरी के पावरस्टार पवन सिंह की निजी जिंदगी की फिल्म अब क्लाइमेक्स की ओर बढ़ती दिख रही है। आरा सिविल कोर्ट में पवन सिंह खुद पेश हुए, जहाँ उन्होंने जज के सामने साफ कह दिया कि— ‘अब बहुत हो गया, मैं ज्योति सिंह के साथ नहीं रह सकता।’ लेकिन इस कहानी में ट्विस्ट तब आया जब ज्योति सिंह कोर्ट नहीं पहुँचीं। एक तरफ पवन सिंह ‘वन-टाइम सेटलमेंट’ के लिए तैयार हैं, तो दूसरी तरफ ज्योति सिंह के वकील ने 10 करोड़ रुपये और एक आलीशान मकान की मांग रखकर सबको चौंका दिया है।
बुधवार को आरा सिविल कोर्ट में गहमागहमी का माहौल था। पवन सिंह और ज्योति सिंह को ‘रिकॉन्सिलिएशन’ यानी सुलह की कोशिशों के लिए बुलाया गया था। पवन सिंह तो वक्त पर पहुँचे, लेकिन ज्योति सिंह नदारद रहीं। जज के सामने अपनी बात रखते हुए पवन सिंह ने स्पष्ट किया कि अब सुलह की कोई गुंजाइश नहीं बची है और उन्हें तलाक चाहिए। पवन सिंह के वकील सुमन सिंह ने बताया कि— ‘पवन जी वन-टाइम सेटेलमेंट के लिए तैयार हैं, ताकि ये मामला हमेशा के लिए खत्म हो सके।‘हालांकि, करीब आधे घंटे बाद जब पवन सिंह कोर्ट से बाहर निकले, तो उनके चेहरे पर मायूसी साफ झलक रही थी।
भले ही ज्योति सिंह कोर्ट नहीं पहुँचीं, लेकिन उनके वकील विष्णुधर पांडेय ने अपनी मांगें साफ कर दी हैं। वकील का कहना है कि अगर पवन सिंह साथ नहीं रहना चाहते, तो उन्हें 10 करोड़ रुपये और एक मकान देना होगा। साथ ही, जब तक मामला चलेगा, तब तक ज्योति के गुजारे के लिए खर्च भी देना होगा। बता दें कि इससे पहले 11 फरवरी को जब ज्योति सिंह कोर्ट आई थीं, तब पवन सिंह नहीं पहुंचे थे और बीमार होने का हवाला दिया था। आज जब पवन आए, तो ज्योति सिंह ने कोर्ट न पहुंचकर पवन सिंह को उन्हीं के अंदाज में जवाब दे दिया।
कोर्ट परिसर के बाहर अपने पसंदीदा स्टार की एक झलक पाने के लिए फैंस की भारी भीड़ उमड़ी थी। पुलिस को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कानून की नजर में तलाक से पहले काउंसलिंग जरूरी है, लेकिन दोनों के एक साथ मौजूद न होने के कारण यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। पवन सिंह के वकील ने कहा कि— ‘जब दोनों साथ बैठेंगे, तभी तय होगा की पवन क्या देना चाहते हैं और ज्योति क्या लेना चाहती हैं।‘फिलहाल, अगली तारीख तक यह सस्पेंस बरकरार है कि क्या यह ‘सेटलमेंट’ करोड़ों में होगा या बात और बिगड़ेगी।
पवन सिंह की रील लाइफ जितनी सुपरहिट है, उनकी रियल लाइफ की ये ‘अग्निपरीक्षा’ उतनी ही मुश्किल होती जा रही है। 10 करोड़ और मकान की मांग क्या पवन सिंह मानेंगे? या फिर आरा कोर्ट में अभी और भी कई तारीखें पड़ेंगी?
