“यादव जी” की प्रेम कहानी ने दिल्ली में जीता दिल! लॉन्च हुआ रोमांटिक गाना ‘थोड़ी थोड़ी सी’
“कहते हैं कि नाम में क्या रखा है, लेकिन बॉलीवुड का इतिहास गवाह है कि जब-जब पर्दे पर ‘लव स्टोरी’ नाम की फिल्में आई हैं, उन्होंने इतिहास रचा है। कुछ ऐसा ही भरोसा लेकर आ रहे हैं निर्माता संदीप तोमर और निर्देशक अंकित भड़ाना। दिल्ली में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ का जादू बिखरा, जहाँ फिल्म के रोमांटिक ट्रैक ‘थोड़ी थोड़ी सी’ ने सबका दिल जीत लिया।
दिल्ली के दिल यानी कांस्टीट्यूशन क्लब में ‘यादव जी की लव स्टोरी’ की टीम ने मीडिया से खास मुलाकात की। इस मौके पर फिल्म का रूहानी और रोमांटिक गीत ‘थोड़ी थोड़ी सी’ लॉन्च किया गया। ठाकुराणी प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म को लेकर मेकर्स काफी उत्साहित हैं। फिल्म के निर्देशक अंकित भड़ाना ने बताया कि यह एक साफ-सुथरी प्रेम कहानी है जिसे रिकॉर्ड ढाई महीने की मेहनत में पूरा किया गया है। मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म संवेदनशीलता और मनोरंजन का एक बेहतरीन कॉकटेल साबित होगी।
फिल्म की लीड एक्ट्रेस प्रगति तिवारी के लिए यह मौका बेहद खास है। इवेंट के दौरान प्रगति ने न सिर्फ अपनी एक्टिंग के अनुभव साझा किए, बल्कि अपनी सुरीली आवाज में फिल्म का गाना गाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रगति ने कहा— इस फिल्म के जरिए मेरा बड़े पर्दे का सपना सच हो रहा है। फिल्म की शूटिंग दिल्ली-एनसीआर की रियल लोकेशन्स पर हुई है, जो कहानी को एक नया और वास्तविक फील देती है।
निर्माता संदीप तोमर और सह-निर्माता रजत तनवर ने दर्शकों से अपील की है कि वे 27 फरवरी को सपरिवार सिनेमाघरों में आएं। संगीत और रोमांस से सजी यह फिल्म उन लोगों के लिए एक तोहफा है जो बॉलीवुड की पुरानी और मासूम प्रेम कहानियों को मिस करते हैं। अब देखना होगा कि ‘यादव जी’ की यह लव स्टोरी दर्शकों के दिलों में कितनी जगह बना पाती है।
फरवरी का महीना प्यार का महीना माना जाता है और इस महीने का अंत ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के साथ होने जा रहा है। एक नई स्टारकास्ट और मधुर संगीत के साथ यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या गुल खिलाएगी, यह 27 फरवरी को साफ हो जाएगा।
