दही-चूड़ा भोज में ‘ग्लैमरस’ एंट्री! मोनिका मनी को मिला पार्टी का ऑफर, बोलीं— “तेज प्रताप जी अच्छे इंसान हैं, विचार करूंगी”

File photo: Monika Mani and Tej Pratap Yadav

पटना: बिहार की सियासत में मकर संक्रांति का दही-चूड़ा भोज हमेशा से नए समीकरणों का गवाह रहा है। लेकिन इस बार तेज प्रताप यादव के आवास पर एक ऐसे चेहरे ने सुर्खियां बटोरीं, जिसकी उम्मीद शायद ही किसी ने की थी। मिसेज इंडिया रनरअप 2017 मोनिका मनी न केवल इस भोज का हिस्सा बनीं, बल्कि उन्होंने एक ऐसा खुलासा किया जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। उन्हें तेज प्रताप यादव की पार्टी JJD (जनशक्ति जनता दल) जॉइन करने का ऑफर मिला है।

तेज प्रताप यादव के आवास पर जहाँ लालू यादव और राज्यपाल जैसे दिग्गजों का जमावड़ा था, वहीं मिसेज इंडिया रनरअप मोनिका मनी की मौजूदगी ने सबकी निगाहें अपनी ओर खींच लीं। भोज के बाद मीडिया से बात करते हुए मोनिका ने बताया कि तेज प्रताप यादव ने उन्हें अपनी पार्टी जॉइन करने का ऑफर दिया है। हालांकि, मोनिका ने फिलहाल इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने इसे ‘विचारणीय’ बताते हुए कहा कि वे इस पर विचार करेंगी।

मोनिका मनी का यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि उनका जुड़ाव पहले से ही राजनीति में रहा है और वे जेडीयू (JDU) की समर्थक मानी जाती रही हैं। लेकिन तेज प्रताप के व्यवहार ने उन्हें प्रभावित किया है। मोनिका ने तेज प्रताप की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वे एक बहुत ही ‘अच्छे इंसान’ हैं। उनके इस बयान के बाद सियासी गलियारों में कयासों का दौर शुरू हो गया है कि क्या वे अपना पाला बदलेंगी?

मोनिका मनी और तेज प्रताप यादव की इस मुलाकात के पीछे जेजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जय सिंह राठौड़ की बड़ी भूमिका बताई जा रही है। उन्हीं की वजह से मोनिका इस हाई-प्रोफाइल भोज का हिस्सा बनीं।

तेज प्रताप यादव का यह दही-चूड़ा भोज केवल स्वाद के लिए नहीं, बल्कि शक्ति प्रदर्शन और नए चेहरों को जोड़ने की कवायद भी साबित हो रहा है। मोनिका मनी ने भले ही अभी ‘हां’ नहीं कहा है, लेकिन उनकी ‘विचार’ करने की बात ही जेडीयू के लिए चिंता का विषय बन सकती है। अब देखना होगा कि मोनिका मनी का ये ‘विचार’ कब ‘फैसले’ में बदलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *