बिहार में ‘जंगलराज’ पर तेजस्वी का महासंग्राम: “अपराधियों को पाल रही है डबल इंजन सरकार!”

पटना, बिहार: बिहार विधानसभा के भीतर और बाहर आज जमकर सियासी तीर चले। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य में बढ़ती हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाओं को लेकर नीतीश सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। तेजस्वी ने यहाँ तक कह दिया कि मुख्यमंत्री अब इतने कमजोर हो चुके हैं कि उन्हें राज्य की सुध ही नहीं है। वहीं, अमित शाह के बिहार दौरे को लेकर भी तेजस्वी ने बड़ा तंज कसा है।

हाथों में आंकड़े और जुबान पर तीखे सवाल… विधानसभा की कार्यवाही से बाहर निकलते ही तेजस्वी यादव ने सीधे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोल दिया। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों को सरकार का खुला संरक्षण मिल रहा है। तेजस्वी ने कहा— “बिहार में हत्याएं हो रही हैं, गोलियां चल रही हैं और सरकार का इकबाल पूरी तरह खत्म हो चुका है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं।“

तेजस्वी ने सिर्फ अपराध ही नहीं, बल्कि नीतीश कुमार की व्यक्तिगत सक्रियता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अब बहुत कमजोर हो गए हैं, उन्हें याद तक नहीं रहता कि बिहार में क्या हो रहा है। तेजस्वी ने बीजेपी को भी लपेटते हुए कहा कि जिस गृह विभाग को नीतीश ने कभी नहीं छोड़ा, आज उसे बीजेपी को सौंपना पड़ा है। उन्होंने सत्ता पक्ष को आईना दिखाते हुए पूछा कि जो लोग पहले अपराध पर चीखते थे, वे अब चुप क्यों हैं?

बात सिर्फ बिहार तक नहीं रुकी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के तीन दिवसीय सीमांचल दौरे पर तेजस्वी ने इसे सीधे बंगाल चुनाव से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि यह सब वोट बैंक की राजनीति है। यही नहीं, तेजस्वी ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को भी छुआ और देश की कमजोर होती अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रुपया गिर रहा है और डोनाल्ड ट्रंप अपने हिसाब से टैरिफ थोप रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार का ध्यान सिर्फ चुनाव पर है।

तेजस्वी के इन हमलों ने साफ कर दिया है कि विपक्ष अब सरकार को सड़क से लेकर सदन तक चैन से नहीं बैठने देगा। अपराध का मुद्दा अब बिहार की राजनीति का सबसे बड़ा हथियार बन चुका है। अब देखना होगा कि सत्ता पक्ष तेजस्वी के इन निजी हमलों और गंभीर आरोपों का क्या जवाब देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *