सनी देओल और अक्षय खन्ना की फिल्म ‘इक्का’ का ट्रेलर हुआ रिलीज, 10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर करेगा धमाल

बॉलीवुड में जब भी कोई कड़क और हाई-वोल्टेज कोर्टरूम ड्रामा बनता है, तो दर्शकों को सनी देओल का वो आइकॉनिक ‘तारीख पर तारीख’ वाला डायलॉग अपने आप याद आ जाता है। और अब, पूरे 33 साल बाद सनी देओल एक बार फिर काले कोट में वकील बनकर दर्शकों के होश उड़ाने आ रहे हैं। मौका है उनकी मोस्ट अवेटेड सस्पेंस थ्रिलर फिल्म ‘इक्का’ का, जिसका धमाकेदार ट्रेलर आखिरकार आउट हो चुका है!

इस फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी है सनी देओल और अक्षय खन्ना की वो ब्लॉकबस्टर जोड़ी, जो करीब 30 साल पहले फिल्म ‘बॉर्डर’ में जंग के मैदान पर दुश्मनों के छक्के छुड़ाती दिखी थी, और अब दोनों कोर्टरूम के अंदर एक-दूसरे के आमने-सामने खड़े हैं। अक्षय खन्ना की सुपरहिट फिल्म ‘धुरंधर’ के बाद इस नए प्रोजेक्ट को लेकर फैंस की बेताबी चरम पर थी, जिसे ट्रेलर ने और बढ़ा दिया है।

ढाई मिनट के इस सस्पेंस से भरपूर ट्रेलर की शुरुआत होती है शौर्यमान गौर यानी अक्षय खन्ना की गिरफ्तारी से, जिस पर एक लड़की की हत्या की कोशिश का बेहद संगीन आरोप लगा है। शौर्यमान अपना यह केस लड़वाने के लिए पहुंचता है शहर के सबसे ईमानदार और उसूलों के पक्के वकील अर्जुन मेहरा यानी सनी देओल के पास, जो कोर्ट में सिर्फ और सिर्फ इंसाफ की लड़ाई लड़ने के लिए जाने जाते हैं।

ट्रेलर में सनी देओल का एक कड़क डायलॉग गूंजता है— हम कोर्ट में जीतने के लिए नहीं, हक के लिए लड़ते हैं! अर्जुन मेहरा का यह ट्रैक रिकॉर्ड रहा है कि वो कभी भी किसी क्रिमिनल या आरोपी की साइड से केस नहीं लड़ते। लेकिन शौर्यमान गौर के साथ उनका अतीत का कुछ ऐसा पुराना रिश्ता है कि न चाहते हुए भी, अर्जुन को मजबूरी में यह केस अपने हाथ में लेना पड़ता है। यहीं से शुरू होता है सस्पेंस और माइंड गेम्स का वो खेल, जो दर्शकों को स्क्रीन से बांध कर रख देता है।

फिल्म की कहानी सिर्फ एक मर्डर मिस्ट्री नहीं है, बल्कि यह रिश्तों और मजबूरी की एक बेहद उलझी हुई दास्तान है। ट्रेलर में साफ हिंट दिया गया है कि अपने परिवार की सुरक्षा के लिए अर्जुन मेहरा को अपने जीवन भर के सिद्धांतों की बली देनी पड़ती है। वह शौर्यमान को बचाने के लिए कोर्टरूम में उतर तो जाता है, लेकिन क्या शौर्यमान पर लगे इल्जाम सच हैं या वो बेकसूर है? यह सस्पेंस हर फ्रेम में गहराता जाता है।

इस फिल्म में सनी और अक्षय के अलावा टैलेंटेड एक्ट्रेस तिलोत्तमा शोमे एक दमदार सरकारी वकील ‘मधुरा बनर्जी’ के रोल में सनी देओल को कड़ी टक्कर देती दिख रही हैं, जो अर्जुन की ही पूर्व स्टूडेंट रह चुकी हैं। वहीं, दिया मिर्जा अर्जुन की पत्नी ‘अवंतिका’ के किरदार में अपने परिवार को इस कानूनी तूफान से बचाने की जद्दोजहद करती नजर आ रही हैं। इसके अलावा संजीदा शेख और आकांक्षा रंजन कपूर जैसे मंझे हुए कलाकार भी इस मिस्ट्री को और दिलचस्प बनाते दिख रहे हैं।

डायरेक्टर सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा, जो इससे पहले ‘हिचकी’ और ‘महाराज’ जैसी बेहतरीन फ़िल्में दे चुके हैं, इस बार एक बेहद डार्क और ग्रिपिंग लीगल थ्रिलर लेकर आए हैं। यह फिल्म सनी देओल के करियर का पहला डायरेक्ट-टू-ओटीटी यानी सीधे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाला प्रोजेक्ट है। ‘इक्का’ सिनेमाघरों की बजाय सीधे 10 जुलाई, 2026 से ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

सोशल मीडिया पर ट्रेलर आते ही फैंस का कहना है कि सनी देओल और अक्षय खन्ना को इतने सालों बाद इस इंटेंस लुक में एक साथ देखना किसी विजुअल ट्रीट से कम नहीं है। मेकर्स ने ट्रेलर के अंत में सनी को ‘धर्मेंद्र के बेटे’ के रूप में भी क्रेडिट दिया है, जिसने कमेंट सेक्शन में दर्शकों को बेहद भावुक कर दिया है। साफ है कि इस कड़क ट्रेलर के बाद नेटफ्लिक्स पर व्यूज की सुनामी आना बिल्कुल तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *