इमरान हाशमी की आइकॉनिक फिल्म ‘आवारापन 2’ का धमाकेदार टीज़र हुआ रिलीज़
सिनेमा के शौकीनों और इमरान हाशमी के पक्के फैंस के लिए आज का दिन किसी बड़े त्योहार से कम नहीं है। ऑलमोस्ट 20 साल पहले, साल 2007 में आई फिल्म ‘आवारापन’ ने अपनी दर्दभरी कहानी, कड़क एक्शन और आइकॉनिक गानों से हर आशिक के दिल पर राज किया था। अब उसी ‘शिवम’ के किरदार का कमबैक धमाका करने के लिए पूरी तरह तैयार है, क्योंकि ‘आवारापन 2’ का टीज़र आउट हो चुका है!
टीज़र इतना कड़क है कि इसे देखते ही आपका नॉस्टैल्जिया जाग उठेगा। दमदार म्यूज़िक, सस्पेंस से भरी कहानी और इमरान हाशमी की वही पुरानी कातिलाना डायलॉगबाज़ी— टीज़र में वो सब कुछ है जिसके लिए इमरान जाने जाते हैं। आखिर 20 साल पहले मर चुका ‘शिवम’ कैसे वापस लौट आया है और इस बार उसकी जिंदगी में कौन सा नया तूफान आने वाला है?
2007 में आई ‘आवारापन’ के क्लाइमेक्स में इमरान हाशमी का आइकॉनिक किरदार ‘शिवम’ मरता हुआ नजर आया था, लेकिन ‘आवारापन 2’ का टीज़र इसी रहस्य से पर्दा उठाता है। बाइक पर बैठे इमरान हाशमी की धमाकेदार एंट्री होती है और बैकग्राउंड में उनकी भारी आवाज़ में एक कड़क डायलॉग गूंजता है— ‘कुछ लोगों की कहानियां उनकी मर्जी से खत्म नहीं होतीं, उनकी कहानी दूसरों के लिए लिखी जाती है।‘
पहली फिल्म में अपनी प्रेमिका को खोने के बाद शिवम के दिल में जो दर्द और गुस्सा था, वो इस बार दुगने एक्शन के साथ पर्दे पर उतरने वाला है। शानदार बॉडी बनाए हुए इमरान हाशमी का जब फेस रिवील होता है, तो वो एक और गहरा डायलॉग बोलते हैं— ‘मौत भी अजीब है, उसने मुझे छुआ पर अपनाया नहीं।‘ इमरान का यह सिग्नेचर स्टाइल और स्वैग फैंस को सीधे थिएटर्स तक खींच लाने के लिए काफी है।
इस टीज़र में सिर्फ इमरान हाशमी ही नहीं, बल्कि कुछ और बड़े सरप्राइजेस भी मेकर्स ने छिपा रखे हैं। टीज़र में वेटरन एक्ट्रेस शबाना आज़मी की एंट्री होती है, जो दर्शकों के लिए किसी बड़े शॉक से कम नहीं है। शबाना आज़मी जैसी दिग्गज अदाकारा का इस फिल्म में होना इस बात की गारंटी है कि नेशनल अवॉर्ड विनिंग डायरेक्टर नितिन कक्कड़ ने एक बेहद मजबूत और गहरी कहानी बुनी है।
वहीं, फिल्म में लीड एक्ट्रेस के तौर पर ग्लैमरस और बोल्ड एक्ट्रेस दिशा पाटनी का फेस रिवील किया गया है, जो इस गैंगस्टर और एक्शन से भरे माहौल में कहानी को एक नया मोड़ देती नजर आएंगी। टीज़र का अंत भी बेहद कड़क अंदाज में इमरान के इसी डायलॉग पर होता है कि— ‘इस बार या तो ये आवारापन खत्म होगा, या मैं!‘
ओरिजिनल ‘आवारापन’ के गाने आज भी लोगों की प्लेलिस्ट का हिस्सा हैं, और मेकर्स ने इसी नब्ज को पकड़ा है। फिल्म का ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर गाना ‘तो फिर आओ’ एक नए और बेहद रूहानी वर्जन के साथ इस टीज़र के बैकग्राउंड में जान डाल रहा है, जिसके लिरिक्स कहानी पर सौ फीसदी सूट करते हैं। टीज़र को देखकर माना जा सकता है कि इमरान के फैंस पहले ही दिन टिकट खिड़की पर टूट पड़ेंगे।
लेकिन ‘आवारापन 2’ की यह राह इतनी आसान नहीं होने वाली है। यह फिल्म इस साल 14 अगस्त को एक बहुत बड़े बॉक्स ऑफिस क्लैश में रिलीज हो रही है। इसके ठीक सामने खड़े हैं बॉलीवुड के गदर स्टार सनी देओल अपनी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के साथ। हालांकि, टीज़र के दम पर जो हाइप बनी है, उसे देखकर साफ लग रहा है कि इमरान हाशमी का यह ‘आवारापन’ बॉक्स ऑफिस पर बड़े-बड़ों को कड़ी टक्कर देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
