नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के द्विवार्षिक चुनाव में सभी पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य निर्विरोध हुए निर्वाचित
नई दिल्ली: इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (IFJ) से संबद्ध देश के प्रमुख पत्रकार संगठन ‘नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया)’ [NUJI] के द्विवार्षिक चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। संगठन के चुनाव में वरिष्ठ पत्रकार राकेश थपलियाल (दिल्ली) को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा राकेश शर्मा (जयपुर) को महासचिव चुना गया है। इस चुनाव की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि अध्यक्ष, महासचिव सहित सभी शीर्ष पदाधिकारी और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
एनयूजेआई के चुनाव अधिकारी अशोक किंकर ने संगठन के केंद्रीय मुख्यालय (7, जंतर मंतर रोड, नई दिल्ली) में चुनाव परिणामों की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि नामांकन वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी पद पर प्रतिद्वंद्विता नहीं बची, जिसके बाद सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध विजयी घोषित कर दिया गया। इस अवसर पर एनयूजेआई चुनाव आयोग के अध्यक्ष दधिबल यादव विशेष रूप से मौजूद रहे।
चुनाव अधिकारी द्वारा जारी सूची के अनुसार विभिन्न पदों पर निम्नलिखित पदाधिकारी निर्वाचित हुए हैं:

राष्ट्रीय अध्यक्ष: राकेश थपलियाल (दिल्ली)
महासचिव: राकेश शर्मा (जयपुर, राजस्थान)
कोषाध्यक्ष: आर. सी. कन्नौजिया (उत्तराखंड)
उपाध्यक्ष (5 पद):
सिलवेरी श्रीशैलम (तेलंगाना)
प्रशांत चक्रवर्ती (त्रिपुरा)
राजीव नयनम (झारखंड)
डॉ. रणेश राणा (हिमाचल प्रदेश)
अरविंद सिंह (उत्तर प्रदेश)
सचिव (3 पद):
अयान मुखर्जी (पश्चिम बंगाल)
मयूख गोस्वामी (असम)
अनिता चौधरी (दिल्ली)
संगठन को देशव्यापी मजबूती देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विभिन्न राज्यों से पत्रकारों को जगह दी गई है:
उत्तर प्रदेश: वीरेन्द्र कुमार सक्सेना, प्रमोद गोस्वामी, कमलकांत उपमन्यु
दिल्ली: मनोज वर्मा, मनोहर सिंह, सीमा किरण, प्रतिभा शुक्ल, उषा पाहवा, सचिन बुधौलिया, सगीर अहमद, डॉ. अशोक बर्थवाल
तेलंगाना: इन्द्राणी सरकार, टी. वेंकट रमाना
केरल: प्रेम जॉन
ओडिशा: अक्षौय साहू, प्रमोद कुमार सामंतराय, कंबुपानी मिश्रा
हिमाचल प्रदेश: गोपाल दत्त शर्मा
असम: भूपेन गोस्वामी
पश्चिम बंगाल: दीपक राय, सोमेश्वर बोराल
एनयूजेआई के निवर्तमान अध्यक्ष रास बिहारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य 19 और 20 सितंबर 2026 को जयपुर (राजस्थान) में आयोजित होने वाले संगठन के राष्ट्रीय महाधिवेशन में अपना कार्यभार संभालेंगे।
इस दो दिवसीय महाधिवेशन में देशभर से 2,000 से अधिक पत्रकार और प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सम्मेलन के दौरान मीडिया जगत के समक्ष उत्पन्न हो रही वर्तमान चुनौतियों, डिजिटल मीडिया के प्रभाव, पत्रकारों की सुरक्षा और आर्थिक हितों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
अपनी निर्वाचन की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने देश के पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा: “एनयूजेआई लंबे समय से केंद्र और राज्य सरकारों से देश में कठोर ‘पत्रकार सुरक्षा कानून’ लागू करने, ‘मीडिया काउंसिल’ और ‘मीडिया कमीशन’ के गठन की मांग करता आ रहा है। वर्तमान दौर में देशभर में ग्राउंड पर काम कर रहे पत्रकारों पर हमले की घटनाएं चिंताजनक रूप से बढ़ी हैं। पत्रकारों की निर्भीक पत्रकारिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘पत्रकार सुरक्षा कानून’ बनाना अब अत्यंत आवश्यक हो गया है। नई टीम इस मांग को लेकर देशभर में आंदोलन और संवाद की प्रक्रिया तेज करेगी।”
नई टीम के निर्वाचन पर देश भर के पत्रकार संगठनों और वरिष्ठ पत्रकारों ने बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि यह नई कार्यकारिणी पत्रकारों के अधिकारों की लड़ाई को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएगी।
