राजपाल यादव ने वीडियो जारी कर तेज प्रताप यादव का जताया शुक्रिया, कहा- ‘मैं आपका आभारी हूं’

पर्दे पर सबको हंसाने वाले राजपाल यादव की जिंदगी में पिछले कुछ दिनों से कोई कॉमेडी नहीं चल रही थी। चेक बाउंस का मामला, तिहाड़ जेल की तन्हाई और आर्थिक तंगी—राजपाल यादव ने वो सब देखा जो एक कलाकार के लिए डरावना सपना होता है। लेकिन कहते हैं न कि मुश्किल वक्त में ही असली अपनों की पहचान होती है। बिहार से तेज प्रताप यादव ने जब राजपाल यादव के लिए ₹11 लाख की मदद भेजी, तो सब हैरान रह गए। अब जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव ने एक वीडियो जारी कर अपनी चुप्पी तोड़ी है और तेज प्रताप के लिए जो कहा, वो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

राजपाल यादव का एक ताजा वीडियो सामने आया है जिसमें वे अपनी पुरानी मस्ती के बजाय काफी गंभीर और भावुक नजर आ रहे हैं। उन्होंने सीधे तौर पर जनशक्ति जनता दल (JJD) के संस्थापक तेज प्रताप यादव का आभार जताया। राजपाल ने कहा— ‘तेज प्रताप यादव जी का आभारी हूं। आप राजनीति के जरिए सेवा कर रहे हैं इसके लिए आपको ढेर सारी शुभकामनाएं। अपने प्रदेश और देश की सेवा करने के लिए ऊपर वाला आपको बहुत शक्ति दे।’ राजपाल का ये अंदाज बता रहा है कि तेज प्रताप की उस मदद ने उनके गिरते हुए मनोबल को कितना सहारा दिया था।

ये कहानी शुरू हुई थी 10 फरवरी 2026 को। जब राजपाल यादव जेल में थे और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा था, तब तेज प्रताप यादव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सबको चौंका दिया। तेज प्रताप ने लिखा था— ‘मुझे राजपाल यादव जी के परिवार की पीड़ा का बता चला है। इस अत्यंत कठिन समय में मेरा पूरा JJD परिवार उनके साथ मजबूती से खड़ा है।’ तेज प्रताप ने JJD की ओर से ₹11,00,000 की बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की थी। बॉलीवुड के कई बड़े नामों की खामोशी के बीच तेज प्रताप की ये पहल किसी करिश्मे से कम नहीं थी।

राजपाल यादव के लिए राहत की बात ये है कि उनकी अंतरिम जमानत 1 अप्रैल तक बढ़ गई है। चेक बाउंस के मामले में अगली सुनवाई 1 अप्रैल को होगी, तब तक वे बाहर रहकर अपने काम और परिवार को संभाल सकते हैं। कई अभिनेताओं और राजनेताओं ने भी उन्हें सपोर्ट किया है, लेकिन जिस तरह से उन्होंने तेज प्रताप यादव का नाम लेकर दुआएं दी हैं, उसने बिहार से लेकर बॉलीवुड तक एक नई चर्चा छेड़ दी है। क्या ये सिर्फ एक कलाकार और एक नेता की दोस्ती है, या फिर राजपाल यादव अब JJD के लिए भी कुछ ‘कमाल’ करेंगे?

राजपाल यादव का वक्त बुरा था, लेकिन उनके साथ खड़े होने वाले लोगों ने साबित कर दिया कि इंसानियत आज भी जिंदा है। तेज प्रताप यादव के लिए राजपाल की ये शुभकामनाएं क्या रंग लाती हैं, ये तो वक्त बताएगा। फिलहाल सबकी नजर 1 अप्रैल की सुनवाई पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *