पटना के गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं को पप्पू यादव देंगे मुफ्त गैस सिलेंडर
पटना: बिहार की राजनीति में कब क्या हो जाए, कोई नहीं जानता। पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव इस वक्त फुल फॉर्म में हैं। सोनपुर पहुँचकर उन्होंने न सिर्फ नीतीश सरकार की कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि जनता के लिए एक ऐसा ‘गिफ्ट’ एलान कर दिया जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। पप्पू यादव ने कहा है कि पटना में अब खाना बनाने की चिंता नहीं करनी होगी।
पप्पू यादव सोनपुर के रहने वाले बिट्टू सिंह के घर पहुंचे थे, जिनकी हाल ही में दानापुर में पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पीड़ित परिवार का दर्द बांटते हुए सांसद ने सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि— ‘बिहार में किसी को नहीं पता की सरकार चला कौन रहा है। जनता खौफ के सायें में है और अपराधी खुलेआम घूम रही है।‘ पप्पू यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह फेल बताते हुए कहा कि बिहार का कोई सरपरस्त नहीं बचा है।
इसी दौरान पप्पू यादव ने एक ऐसी घोषणा की जिसने सबका ध्यान खींच लिया। पटना और पूर्णिया के गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं को गैस की किल्लत से बचाने के लिए उन्होंने मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने का वादा किया। उन्होंने कहा कि— ‘छात्राओं को बस अपना आईडी कार्ड दिखाना होगा और उन्हें मेरी तरफ से गैस सिलेंडर मिलेगा।‘ दरअसल, बिहार में इन दिनों गैस की भारी किल्लत और ब्लैक मार्केटिंग की खबरें आ रही हैं, जिससे हॉस्टल में रहने वाली बच्चियों को पढ़ाई छोड़कर लकड़ियों पर खाना बनाना पड़ रहा है।
पप्पू यादव ने केंद्र और राज्य सरकार दोनों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि— ‘ये सरकार सिर्फ लाइन लगवाना जानती है। कोरोना में लाइन, नोटबंदी में लाइन और अब गैस के लिए लाइन। जनता परेशान है और नेता मौज में है।‘ उन्होंने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी हो रही है और सरकार ने बिहार की जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। पप्पू यादव के इस तेवर ने बिहार की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है।
पप्पू यादव ने तो ‘फ्री सिलेंडर’ का पासा फेंक दिया है। अब देखना ये है कि क्या नीतीश सरकार इस किल्लत को दूर कर पाती है या पप्पू यादव का ये ‘सिलेंडर प्लान’ बिहार की राजनीति में बड़ा गेम-चेंजर साबित होगा।
