छठ के बाद बिहार से परदेस लौटने की होड़, ट्रेनों में शौचालय तक खचाखच भीड़

बिहार: लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न होने के बाद अब परदेस लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ ट्रेनों और स्टेशनों पर उमड़ने लगी है। दिल्ली, पंजाब सहित देश के तमाम हिस्सों में कामकाज पर लौटने वालों की जल्दबाजी ने रेलवे स्टेशनों पर जबरदस्त दबाव बढ़ा दिया है। बिहार के सिवान जंक्शन से ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं, जो भीड़ के हालात और यात्रियों की मजबूरी को बयां करती हैं। 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के पहुंचते ही कोच में चढ़ने को लेकर ऐसी आपाधापी मची कि जनरल से लेकर स्लीपर और शौचालय तक यात्रियों से भरे नजर आए।

जैसे ही 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस सिवान जंक्शन पहुंची, यात्रियों के बीच ट्रेन में चढ़ने को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जनरल कोच की हालत यह थी कि वहां पांव रखने और खड़े होने तक की जगह नहीं बची थी। स्लीपर कोच में भी क्षमता से कहीं ज्यादा यात्री सवार दिखे। हालात इतने बेकाबू थे कि कई यात्रियों को मजबूरी में लगेज यान और जनरल कोच के शौचालय के पास बैठकर सफर करना पड़ा। वहीं, कुछ यात्री ट्रेन के दरवाजों पर लटककर जान जोखिम में डालते हुए यात्रा करते नजर आए, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

यात्रियों की इस बढ़ती भीड़ और किसी भी संभावित हादसे को रोकने के लिए रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सिवान जंक्शन पर RPF के करीब 80 पदाधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही बाहर से RPSF के जवानों को भी बुलाया गया है। प्लेटफार्मों पर आरपीएफ और जीआरपी की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं, ताकि यात्रियों को चढ़ने-उतरने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और कतारबद्ध तरीके से आवाजाही बनी रहे।

रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए कई त्योहार विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। लेकिन इसके बावजूद दिल्ली और पंजाब की ओर जाने वाली नियमित और विशेष ट्रेनों में भारी दबाव कायम है। त्योहार खत्म होते ही रोजी-रोटी और कामकाज के लिए वापस लौटने की हड़बड़ाहट में यात्री हर तरह का जोखिम उठाने को तैयार दिख रहे हैं।

भीड़भाड़ के इस दौर में सबसे बड़ी जरूरत संयम और सतर्कता की है। दरवाजों पर लटकने या कोच की छत व शौचालय के पास बैठकर सफर करना बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। प्रशासन की तैनाती के बीच यात्रियों की अपनी जागरूकता ही सुरक्षित सफर की सबसे बड़ी गारंटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *