दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प से हर चुनौती पर विजय सम्भव: पद्मश्री दीपा मलिक

लखनऊ: राष्ट्र सेविका समिति की 90 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, संगठनात्मक साधना, सामाजिक योगदान और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने वाली लघु पुस्तिका ‘समिति के नब्बे वर्ष की यात्रा’ का विमोचन 17 नवम्बर 2026, मंगलवार को लखनऊ में आयोजित किया गया। इन्दिरा गाँधी प्रतिष्ठान के मनु हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध पैरालम्पिक एथलीट एवं पद्मश्री सम्मानित सुश्री दीपा मलिक, राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख कार्यवाहिका अन्नदानम सीता गायत्री की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं प्रख्यात पैरालम्पिक खिलाड़ी पद्मश्री दीपा मलिक ने राष्ट्र सेविका समिति की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि, आज की युवा पीढ़ी को समाज और राष्ट्र से जोड़ने की दिशा में यह एक सराहनीय प्रयास है। जीवन में कभी भी हार नहीं माननी चाहिए। जब व्यक्ति के भीतर जिज्ञासा, दृढ़ इच्छाशक्ति और जीवन का एक निश्चित उद्देश्य होता है, तो वह हर परिस्थिति से संघर्ष करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ता रहता है। जीवन में कैसी भी चुनौती या परिस्थिति आए, यदि व्यक्ति स्वयं को चुनौती देने का साहस रखता है और अपने भीतर मजबूत इच्छाशक्ति बनाए रखता है, तो सफलता प्राप्त करने से उसे कोई नहीं रोक सकता।

दीपा मलिक ने स्वयं अपने जीवन और उपलब्धियों के माध्यम से इस विचार को साकार किया है। उनका जीवन इस बात का जीवन्त उदाहरण है कि शारीरिक चुनौतियाँ भी मजबूत संकल्प, आत्मविश्वास और उद्देश्यपूर्ण जीवन के मार्ग में बाधा नहीं बन सकतीं।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख कार्यवाहिका अन्नदानम सीता गायत्री जी ने कहा कि, जिस प्रकार एक दीपक स्वयं जलकर चारों ओर प्रकाश फैलाता है, उसी प्रकार प्रत्येक महिला भी दीपक बनकर समाज और राष्ट्र में प्रकाश फैला सकती हैं। डॉ. सुरभि भदौरिया की लघु पुस्तिका भी एक दीपक के रूप में समाज और राष्ट्र सेविका समिति की ज्योति को प्रकाश देगी और आने वाली पीढ़ियों की प्रेरणा बनेगी।

सीता गायत्री ने आगे कहा कि, राष्ट्र सेविका समिति एक ऐसी विशिष्ट संस्था है, जो महिलाओं की शक्ति, सामर्थ्य और संस्कारों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ती है। अनेक संस्थाएँ महिलाओं के लिए कार्य करती हैं, लेकिन राष्ट्र सेविका समिति महिलाओं के माध्यम से राष्ट्र के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेविका समिति की क्षेत्र प्रचारिका शशि और कल्याण सिंह कैंसर संस्थान के निदेशक एम.एल. भट्ट जी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed