बिना किसी स्टार कास्ट के 2 घंटे की इस एनीमेशन फिल्म को बनाने में मेकर्स को लगे पूरे 15 साल
जब भी एनीमेशन या कार्टून फिल्मों की बात आती है, तो हमारे दिमाग में सबसे पहले हॉलीवुड या डिज्नी का नाम आता है। लेकिन अब इंडियन एनीमेशन इंडस्ट्री ने एक ऐसा धमाका किया है, जो देश-विदेश में भारत का नाम ऊंचा करने वाला है। फेमस एनिमेटर वैभव कुमारेश के निर्देशन में बनी एक अनोखी एनीमेशन फिल्म इस समय हर तरफ सुर्खियों में है।
मुंबई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में जब इस फिल्म को पेश किया गया, तो वहां मौजूद हर शख्स इस फिल्म के अव्वल दर्जे के वीएफएक्स और इसकी कहानी का दीवाना हो गया। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस 2 घंटे की फिल्म को बिना किसी स्टार कास्ट के, पूरी बारीकी से तैयार करने में मेकर्स को पूरे 15 साल का लंबा वक्त लग गया। जी हां, डेढ़ दशक! यह फिल्म किसी रातों-रात मिली सफलता का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह इस पूरी टीम के लंबे संघर्ष और अटूट धैर्य का परिणाम है। यह फिल्म बच्चों को खेल, जीत-हार और भारतीय संस्कृति का एक ऐसा पाठ पढ़ाती है, जो आज के दौर में बेहद जरूरी है।
यह फिल्म सिर्फ काल्पनिक दुनिया की कहानी नहीं है, बल्कि यह हमारे और आपके बीच के बच्चों के जीवन की एक बेहद खूबसूरत झलक है। फिल्म का प्लॉट केंद्रीय विद्यालय के कुछ बच्चों के इर्द-गिर्द बुना गया है। कहानी में उनके अटूट विश्वास और उनके रास्ते में आने वाली चुनौतियों को खेल और प्रतियोगिताओं के माध्यम से बेहद शानदार ढंग से पेश किया गया है।
फिल्म में एक तरफ ‘राहुल मल्होत्रा’ नाम का किरदार है, जो खुद को किसी ‘स्पाइडर-मैन’ से कम नहीं समझता और स्कूल की हर प्रतियोगिता को जीतने का दम रखता है। फिल्म में फैशन शो के ग्लैमर से लेकर क्रिकेट के मैदान के रोमांचक मुकाबले तक दिखाए गए हैं। इन सब के बीच बच्चों की पक्की दोस्ती और मुश्किलों से लड़ने के उनके जज्बे को बड़े पर्दे पर देखना एक बेहद ही अनोखा और नेक प्रयास है।
इस फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी (USP) और इसकी आत्मा है— ‘थाथा’ का किरदार। ‘थाथा’ यानी वो बुजुर्ग मार्गदर्शक, जो हर मुश्किल वक्त में इन स्कूली बच्चों का हाथ थामते हैं और उन्हें जिंदगी में कभी हार न मानने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
यह फिल्म केवल छोटे बच्चों के लिए नहीं है, बल्कि इसे इस तरह बनाया गया है कि यह पूरे परिवार का भरपूर मनोरंजन कर सके। यकीनन, यह फिल्म आपकी उम्मीदों की हर कसौटी पर पूरी तरह खरी उतरेगी।
