मिसेज इंडिया रनर-अप मोनिका मनी ने ज्वाइन की तेज प्रताप यादव की पार्टी JJD
पटना: बिहार की राजनीति के ‘रंगों’ में एक और नया रंग जुड़ गया है। लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव भले ही अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) के साथ विधानसभा चुनावों में खाता न खोल पाए हों, लेकिन लाइमलाइट बटोरने में उनका कोई सानी नहीं है। अब उनकी पार्टी में एक ‘ब्यूटी क्वीन’ की एंट्री हुई है, जिसने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
कहानी शुरू हुई थी मकर संक्रांति के उस दही-चूड़ा भोज से, जहाँ बड़े-बड़े दिग्गज जुटे थे। लेकिन कैमरे की फ्लैशलाइट सबसे ज्यादा मोनिका मनी पर चमक रही थी। उस वक्त जब मीडिया ने सवाल पूछा था, तो मोनिका ने सस्पेंस बना दिया था, पर अब पर्दा उठ चुका है। तेज प्रताप यादव की मौजूदगी में मोनिका ने JJD की सदस्यता ले ली है। पहले इनका झुकाव नीतीश कुमार की जेडीयू की तरफ था, लेकिन लगता है तेज प्रताप की ‘जनशक्ति’ ने उन्हें ज्यादा इम्प्रेस कर दिया। अब लोग सोशल मीडिया पर मजे ले रहे हैं— ‘नीतीश जी देखते रह गए और बाजी तेज प्रताप मार ले गए’!
मोनिका मनी कोई मामूली नाम नहीं हैं। मूल रूप से मुजफ्फरपुर की रहने वाली मोनिका ने 2017 में मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में सेकंड रनर-अप बनकर बिहार का नाम रोशन किया था। दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ी-लिखी मोनिका तीन बच्चों की मां हैं और पिछले कई सालों से महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के लिए काम कर रही हैं। यानी ये सिर्फ ग्लैमर नहीं, बल्कि ‘ब्यूटी विद ब्रेन्स’ का कॉम्बो है। मुजफ्फरपुर की इस शेरनी की एंट्री से अब JJD के कार्यकर्ताओं में जोश का हाई वोल्टेज करंट दौड़ रहा है।
आरजेडी से अलग होकर अपनी नई राह बनाने वाले तेज प्रताप यादव अब बिहार से बाहर पैर पसारने की फिराक में हैं। महुआ सीट से हार का गम भुलाकर अब वे पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के दंगल में उतरने का एलान कर चुके हैं। जानकारों का कहना है कि मोनिका मनी की एंट्री को खासतौर पर पश्चिम बंगाल चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। तेज प्रताप को लगता है कि मोनिका का चार्म और उनका सोशल वर्क पार्टी को पड़ोसी राज्यों में पहचान दिला सकता है। अब ये ‘खेला’ सफल होता है या नहीं, ये तो वक्त बताएगा, पर फिलहाल तो सोशल मीडिया पर JJD चर्चा में नंबर वन है!
तेज प्रताप यादव ने मोनिका मनी को शामिल करके ये तो साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी में टैलेंट की कोई कमी नहीं रहने वाली। अब देखना ये है कि मिसेज इंडिया का ये ‘ग्लैमर’ जेजेडी (JJD) को कितनी सीटें दिला पाता है।
