कंगना रनौत का चौंकाने वाला बयान— ‘जब मुंबई पर आतंकी हमला हुआ, मैं एक पार्टी में नाच रही थी’
मुंबई पर हुआ 26/11 का आतंकी हमला भारत के इतिहास का वो गहरा और कभी न भरने वाला जख्म है, जिसे याद करके आज भी पूरा देश सिहर उठता है। इस हमले पर कई फिल्में बनीं, लेकिन अब एक्ट्रेस कंगना रनौत एक ऐसी अनसुनी कहानी लेकर आ रही हैं जो कामा अस्पताल के उन गुमनाम हीरोज यानी नर्सों और वॉर्ड बॉयज की बहादुरी को सलाम करती है, जिन्होंने अपनी जान पर खेलकर सैकड़ों मासूमों को बचाया था। फिल्म का नाम है— ‘भारत भाग्य विधाता’।
इस फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर कंगना रनौत ने 2008 की उस काली रात से जुड़ा एक बेहद सनसनीखेज और दिलचस्प किस्सा साझा किया है। कंगना ने खुलासा किया है कि जब कसाब और उसके आतंकी साथियों ने मुंबई में खून की नदी बहाई, ठीक उसी वक्त कंगना रनौत फिल्म मेकर महेश भट्ट के साथ एक पार्टी में जमकर डांस कर रही थीं।
फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कंगना रनौत ने उस खौफनाक रात को याद करते हुए एक पुराना किस्सा सुनाया। कंगना ने बताया— ‘मेरे पास उस रात से जुड़ा एक बहुत ही अलग किस्सा है। बात 2008 की है, जब हम सब महेश भट्ट सर के साथ काम कर रहे थे और विशेष फिल्म्स में स्ट्रगलर थे। उसी दौरान एक्ट्रेस शाहना गोस्वामी ने यारी रोड पर एक नया घर खरीदा था और उन्होंने हम सबको एक शानदार हाउसवार्मिंग पार्टी में बुलाया था।‘ कंगना ने आगे बताया कि वो, शाहना, शगुफ्ता और इंडस्ट्री के कई युवा दोस्त वहां इकट्ठा थे और गानों पर जमकर नाच-गा रहे थे, मस्ती का माहौल था। लेकिन तभी अचानक फिल्म मेकर महेश भट्ट कमरे के अंदर दाखिल हुए। उनके चेहरे पर हवाइयां उड़ी हुई थीं। भट्ट साहब ने अंदर आते ही सबसे पहले कहा कि तुरंत टीवी चलाओ। कंगना बोलीं— ‘हम सब तो नाचने में मशगूल थे, लेकिन उन्होंने गंभीर होकर टीवी देखना शुरू कर दिया और पूछा कि क्या मुंबई में कोई आतंकवादी हमला हो रहा है?’
कंगना रनौत के मुताबिक, टीवी स्क्रीन पर जैसे ही मुंबई के ताज होटल और रेलवे स्टेशन पर गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजी, पार्टी का खुशनुमा माहौल पल भर में मातम और खौफ में बदल गया। बाहर का माहौल इतना खराब हो चुका था कि किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था।
कंगना ने बताया— ‘हमने घबराकर शाहना से पूछा कि क्या हमें तुरंत अपने–अपने घर जाना चाहिए या फिर यहीं रुकना चाहिए? इस पर महेश भट्ट सर ने हमें बीच में ही टोका और सलाह दी कि बाहर हालात बेहद खतरनाक हैं, इसलिए कोई भी बाहर जाने की गलती न करे और सब यहीं अंदर रुके रहे।‘ कंगना ने आगे कहा कि भट्ट साहब के कहने पर हम करीब 20 से 25 लोग पूरी रात शाहना गोस्वामी के उसी घर में रुके रहे। कंगना ने माना कि अगर उस रात भट्ट सर अचानक वहां आकर हमें टीवी चलाने को न कहते और सचेत न करते, तो बाहर के हालातों का हमें पता ही नहीं चलता और शायद कोई भी अनहोनी हो सकती थी।
26/11 के उसी दर्द और खौफ को समेटे कंगना रनौत की यह फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ आगामी 12 जून को देश के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह फिल्म पाकिस्तान से आए लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादियों के उस 60 घंटे चले तांडव को दिखाएगी जिसमें 166 बेगुनाह मारे गए थे। लेकिन फिल्म का मुख्य फोकस कमा अस्पताल की उन नर्सों और वॉर्ड बॉयज पर है जिन्होंने खुद को ढाल बनाकर मरीजों की रक्षा की थी। फिल्म में कंगना ने खुद एक जांबाज नर्स का लीड रोल प्ले किया है।
इस फिल्म को मशहूर राइटर और डायरेक्टर मनोज तापड़िया ने निर्देशित किया है। फिल्म की स्टार कास्ट भी काफी मजबूत है, जिसमें कंगना के अलावा गिरिजा ओक, अमृता नामदेव, सुहिता थत्ते, रसिका अगाशे, ईशा डे, प्रिया बेर्डे, आशा शेलार, आदित्य मिश्रा और जाहिद खान जैसे मंझे हुए कलाकार अहम किरदारों में नजर आने वाले हैं। ट्रेलर को मिल रहे कड़क रिस्पॉन्स से साफ है कि यह फिल्म दर्शकों के रोंगटे खड़े करने वाली है।
कंगना रनौत की इस अनसुनी दास्तां ने साबित कर दिया है कि 26/11 की उस रात मुंबई के हर नागरिक ने खौफ को बेहद करीब से महसूस किया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि जब 12 जून को यह फिल्म थिएटर्स में आएगी, तो बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाती है।
