क्राइस्टचर्च में यशस्वी जायसवाल ने रचा इतिहास, सचिन तेंदुलकर का भी रिकॉर्ड तोड़कर निकले आगे
खेल: भारतीय क्रिकेट से इस वक्त की बड़ी और दिलचस्प खबर न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च से सामने आई है। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मैदान पर उतरते ही एक खास रिकॉर्ड के भागीदार बन गए हैं। जायसवाल दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने अपने शुरुआती 33 टेस्ट मैच 33 अलग-अलग मैदानों पर खेले हैं। इस मामले में उन्होंने महान सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है और पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर की बराबरी कर ली है।
जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ डेब्यू करने के बाद से यशस्वी जायसवाल ने अपना हर टेस्ट अलग मैदान पर खेला है। क्राइस्टचर्च टेस्ट में उतरते ही उनका यह सिलसिला 33 मैचों तक पहुंच गया। इस दुर्लभ रिकॉर्ड में जायसवाल ने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 1989 में डेब्यू के बाद अपने शुरुआती 32 टेस्ट अलग-अलग मैदानों पर खेले थे। वहीं सूची में शीर्ष पर मौजूद संजय मांजरेकर ने 1987 से 1994 के बीच अपने पहले 33 टेस्ट मैच 33 अलग मैदानों पर खेले थे।
यशस्वी जायसवाल के पास संजय मांजरेकर को भी पीछे छोड़ने का बड़ा मौका है। 2027 में ऑस्ट्रेलिया को भारत में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेलनी है और सीरीज का पहला टेस्ट नागपुर में होना है, जहां जायसवाल ने अब तक कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। अगर वे नागपुर टेस्ट की प्लेइंग-11 में खेलते हैं, तो अलग-अलग मैदानों पर टेस्ट खेलने का आंकड़ा 34 तक पहुंच जाएगा और वे मांजरेकर से भी आगे निकल जाएंगे।
24 वर्षीय यशस्वी जायसवाल ने अब तक सात अलग-अलग टीमों के खिलाफ टेस्ट मैच खेले हैं। सबसे ज्यादा 10 टेस्ट उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ खेले हैं। इसके अलावा न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5-5, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 4-4, बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाफ 2-2 और अफगानिस्तान के खिलाफ 1 टेस्ट खेला है। भारत के बाहर वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की जमीन पर भी वे टेस्ट क्रिकेट खेल चुके हैं।
साल 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ डेब्यू करने वाले यशस्वी जायसवाल ने 32 टेस्ट मैचों की 58 पारियों में 48.16 के करीब औसत से 2,697 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 7 शतक और 12 अर्धशतक निकले हैं, जबकि नाबाद 214 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है और 7 पारियों में वे बिना खाता खोले आउट हुए हैं।
