पवन सिंह के सवाल पर अक्षरा सिंह का रिएक्शन, क्या खत्म हो गई है पुरानी जोड़ी की वापसी की उम्मीद?
भोजपुरी: भोजपुरी सिनेमा की सबसे चर्चित जोड़ी अक्षरा सिंह और पवन सिंह को लेकर एक बार फिर सुर्खियां तेज हो गई हैं। सालों बाद मंच से पवन सिंह की माफी और साथ काम करने की अटकलों के बीच अब एक इवेंट में पवन सिंह से जुड़े सवाल पर अक्षरा सिंह ने रिएक्ट किया है।
चेहरे पर मुस्कान, लेकिन खामोशी में छुपी नाराज़गी—आखिर क्या कहा अक्षरा सिंह ने और क्या वाकई खत्म हो गई है दोनों के साथ आने की उम्मीद?
भोजपुरी सिनेमा से आगे बढ़कर अब बॉलीवुड में अपनी पहचान बना रहीं अक्षरा सिंह से एक इवेंट के दौरान पवन सिंह को लेकर सवाल पूछा गया। उनसे कहा गया कि एक समय में पवन सिंह उनके बेहद करीबी मित्र थे, लेकिन अब दोनों का कोई नया गाना नहीं आ रहा है।
इस सवाल पर अक्षरा ने बेहद संयत अंदाज में कहा— ‘आपका बहुत शुक्रिया। आपसे बात कर बहुत अच्छा लगा।’ हालांकि, कई लोगों का मानना है कि सवाल सुनते ही उनकी मुस्कान के पीछे भीतर की नाराज़गी साफ दिखी, लेकिन उन्होंने बात को तूल देने के बजाय शांत रहना ही बेहतर समझा।
अक्षरा सिंह और पवन सिंह की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब प्यार दिया था, लेकिन पर्दे के पीछे का रिश्ता एक दौर में काफी विवादों में रहा। अक्षरा ने कई मौकों पर कहा था कि वे पवन सिंह से प्यार करती थीं, लेकिन उन्हें धोखा मिला और पवन सिंह ने ज्योति सिंह से शादी कर ली।
इसके बाद अक्षरा ने उन पर नशे की हालत में मारपीट, परेशान करने और करियर को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए थे, जिसके चलते दोनों के बीच की खाई और गहरी हो गई।
बीते समय में पवन सिंह मंच से अक्षरा सिंह से माफी मांग चुके हैं, जिसके बाद फैंस के बीच यह चर्चा शुरू हुई थी कि शायद दोनों के बीच बर्फ पिघले और साथ काम करने की राह बने।
लेकिन अक्षरा के ताजा रिएक्शन से साफ संकेत मिलता है कि वे अभी भी उन कड़वी यादों से आगे बढ़कर माफी देने के मूड में नहीं दिखतीं। अब दोनों के रिश्तों और पेशेवर रास्ते का अगला अध्याय आने वाला वक्त ही तय करेगा।
एक तरफ अक्षरा सिंह बॉलीवुड और नए प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं, तो दूसरी तरफ पवन सिंह अपने अंदाज में सक्रिय हैं। दोनों के फैंस आज भी पुरानी यादों और संभावित कोलैबोरेशन को लेकर कयास लगाते रहते हैं, लेकिन फिलहाल दोनों के बीच दूरी कायम नजर आती है।
