दिग्गज अभिनेता असरानी की आखिरी फिल्मों में से एक ‘हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं’ का दिल्ली में भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस
बॉलीवुड के सबसे बड़े और लेजेंड्री कॉमेडियन रहे असरानी का वो डायलॉग तो आपको याद ही होगा— ‘हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं!‘ इस एक डायलॉग ने इतिहास रच दिया था। और अब इसी आइकॉनिक डायलॉग के नाम पर बनी फिल्म “हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं” का ग्रैंड प्रेस कॉन्फ्रेंस देश की राजधानी दिल्ली के फिल्म डिवीजन में आयोजित किया गया।
यह फिल्म इसलिए भी बेहद खास और इमोशनल है क्योंकि इसे दिवंगत अभिनेता असरानी जी की आखिरी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। दिल्ली में हुए इस इवेंट में एक्टर मुश्ताक खान, डायरेक्टर राकेश सावंत और प्रोड्यूसर भंवर सिंह पुंडीर ने मीडिया के सामने फिल्म से जुड़े कई दिलचस्प राज खोले हैं।
दिल्ली प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान निर्देशक राकेश सावंत ने एक बेहद भावुक किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि जब वे इस फिल्म की स्क्रिप्ट लेकर असरानी जी के पास गए थे और उन्हें फिल्म का टाइटल यानी नाम “हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं” बताया, तो असरानी जी के चेहरे पर एक बड़ी सी मुस्कान आ गई। वे इस नाम को सुनकर बेहद खुश हुए और उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को दिल से कामयाबी का आशीर्वाद दिया था।
मेकर्स के मुताबिक, यह फिल्म असरानी जी के सिनेमाई योगदान को एक बड़ी ट्रिब्यूट है। भले ही इस फिल्म का नाम आपको कॉमेडी की याद दिलाता हो, लेकिन फिल्म की असली कहानी एक बेहद रोमांचक और रोंगटे खड़े कर देने वाले मर्डर मिस्ट्री थ्रिलर पर आधारित है। फिल्म में ठाकुर विश्वजीत सिंह और सवातेई परिवार के बीच का पुराना विवाद दिखाया गया है, जो आगे चलकर एक खौफनाक अपराध और चौंकाने वाले खुलासों में बदल जाता है।
इस गहरे रहस्य और कत्ल की जांच की कमान संभालते हैं इंस्पेक्टर देव और इंस्पेक्टर राणा। ये दोनों पुलिस अफसर दर्शकों को सस्पेंस, ड्रामा, रोमांस और भरपूर एक्शन की एक मजेदार सवारी पर ले जाएंगे। इस फिल्म की एक और यूएसपी (USP) है इसके खूबसूरत विजुअल्स। उत्तराखंड की हसीन और शानदार वादियों में शूट की गई यह फिल्म दर्शकों को बेहतरीन इमोशनल कहानी के साथ-साथ मधुर संगीत का एक जबरदस्त कॉम्बिनेशन देने वाली है।
जया फिल्म्स और गजानन मोशन मूवीज के बैनर तले बनी इस फिल्म को श्वेता चौहान, भंवर सिंह पुंडीर और खुद राकेश सावंत ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म के प्रोड्यूसर भंवर सिंह पुंडीर ने बताया कि फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से जैसा कड़क रिस्पॉन्स मिला है, उससे पूरी टीम का हौसला सातवें आसमान पर है।
इस फिल्म में कलाकारों की एक लंबी और मंझी हुई फौज नजर आने वाली है, जिसमें असरानी जी के साथ मिलिंद गुणाजी, जरीना वहाब, रक्षा गुप्ता, मुस्कान वर्मा, विष्णु शर्मा, अभिनव चौहान और मुश्ताक खान जैसे बड़े नाम शामिल हैं। सस्पेंस और थ्रिलर का ये पूरा डोज आने वाली 12 जून 2026 को सीधे आपके नजदीकी सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
