नीतीश कुमार ने विधायकों को दिया ‘मिशन 200’ का लक्ष्य, अनंत सिंह ने दी जानकारी

पटना के 1 अणे मार्ग पर आज जेडीयू विधायक दल की हाई-प्रोफाइल बैठक खत्म हुई। बैठक के बाद जब मोकामा विधायक अनंत सिंह बाहर निकले, तो मीडिया ने उन्हें घेर लिया। अनंत सिंह ने साफ कर दिया कि नीतीश कुमार ने विधायकों को ‘200 सीटें’ जीतने का बड़ा लक्ष्य दे दिया है। साथ ही, उन्होंने विधायक दल के नेता और निशांत कुमार को लेकर चल रहे कयासों पर भी अपनी बेबाक राय दी।

बैठक के बाद पत्रकारों ने जब अनंत सिंह से पूछा कि विधायक दल का नया नेता किसे चुना गया है, तो उन्होंने सीधा जवाब दिया— नीतीश कुमार ही मालिक हैं और जिसे भी चुनना है, वहीं चुनेंगे। उनके इस बयान ने स्पष्ट कर दिया कि भले ही पार्टी में नए नेतृत्व की चर्चा हो रही हो, लेकिन अंतिम फैसला नीतीश कुमार का ही होगा। अनंत सिंह ने यह भी बताया कि नीतीश कुमार ने विधायकों को आश्वस्त किया है कि वे पहले की तरह ही विधायकों और जनता के बीच उपलब्ध रहेंगे और अब वे पार्टी को पहले से अधिक समय दे पाएंगे।

विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार ने विधायकों को एक नया टास्क सौंपा है। अनंत सिंह के मुताबिक, नीतीश जी ने निर्देश दिया है कि सभी विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में जनता पर ध्यान दें ताकि आगामी चुनावों में जेडीयू 200 सीटों का आंकड़ा पार कर सके। वहीं, जब उनसे पटना की सड़कों पर लगे निशांत कुमार के पोस्टरों और उनकी नई भूमिका के बारे में पूछा गया, तो अनंत सिंह ने दो टूक कहा कि— विधायक दल की बैठक में निशांत को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। यह बयान उन तमाम अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश है जो निशांत को पार्टी में कोई बड़ा पद मिलने की बात कह रहे थे।

बिहार में शराबबंदी के मुद्दे पर भी अनंत सिंह अपनी राय देने से पीछे नहीं हटे। जब उनसे शराबबंदी से हो रहे नुकसान के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा— हम तो सिर्फ राय ही दे सकते हैं, हम सरकार के मालिक थोड़े ही हैं। हमको जो सही लगा वह हमने मीडिया में बोल दिया, अब कोई नहीं मानेगा तो हम क्या ही कर सकते हैं। अनंत सिंह का यह बयान इशारा करता है कि पार्टी के भीतर भी शराबबंदी के कार्यान्वयन को लेकर अलग-अलग राय हो सकती है, लेकिन वे अनुशासन के दायरे में रहकर अपनी बात रखने में विश्वास रखते हैं।

अनंत सिंह के बयानों से साफ है कि जेडीयू अब चुनावी मोड में आ चुकी है। नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना और फिर विधायकों को 200 सीटों का लक्ष्य देना, यह बताता है कि वे संगठन को नई ऊंचाई पर ले जाना चाहते हैं। अब देखना होगा कि नीतीश कुमार विधायक दल के नेता के तौर पर किस नाम पर अपनी मुहर लगाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed