छोटे सरकार की फिल्मी लव स्टोरी, अनंत सिंह और नीलम देवी का कॉलेज से शुरू हुआ प्यार; कोलकाता के काली मंदिर में गुपचुप रचाई शादी

बिहार: बिहार की सियासत में अपनी दबंग छवि और बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले नेता अनंत सिंह के घर इन दिनों सियासत नहीं, बल्कि शादी की शहनाइयों का माहौल है। बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर पैतृक गांव नदवां में जश्न के बीच अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी की फिल्मी प्रेम कहानी भी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। एक कॉलेज में हुई पहली मुलाकात, पहली नजर का प्यार और फिर बिहार के बजाय कोलकाता के काली मंदिर में गुपचुप शादी।

बेटी शिवांगी की शादी के माहौल के बीच अनंत सिंह और नीलम देवी की प्रेम कहानी लोगों की जुबान पर है। खुद अनंत सिंह ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि उनकी और नीलम देवी की पहली मुलाकात एक कॉलेज में हुई थी।

उस दिन नीलम देवी परीक्षा देने आई थीं, जबकि अनंत सिंह किसी जानकार को परीक्षा दिलाने कॉलेज पहुंचे थे। वहीं पहली बार नीलम देवी को देखते ही अनंत सिंह का दिल उन पर आ गया। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ, जान-पहचान प्यार में बदली और दोनों ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला कर लिया।

प्यार तो हो गया, लेकिन शादी की कहानी में एक बड़ा ट्विस्ट आया। अनंत सिंह ने बिहार के बजाय कोलकाता में शादी करने का फैसला किया। इंटरव्यू में उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा था कि अगर वे बिहार में शादी करते तो जान-पहचान के लोग देख लेते और हर तरफ खबर फैल जाती, जबकि उस वक्त दोनों अपनी शादी को लोगों की नजरों से दूर रखना चाहते थे। इसी वजह से दोनों कोलकाता गए और वहां के प्रसिद्ध काली मंदिर में सादगी से शादी रचा ली।

अनंत सिंह और नीलम देवी का रिश्ता सिर्फ पहली नजर के प्यार और गुपचुप शादी तक सीमित नहीं रहा। दोनों ने जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। अनंत सिंह के राजनीतिक सफर और मुश्किल दौर में नीलम देवी का उनके साथ डटकर खड़े रहना भी हमेशा चर्चा में रहा है।

एक तरफ बेटी शिवांगी अपने जीवन साथी ऋषिकेश के साथ परिणय सूत्र में बंध गईं, तो दूसरी तरफ कॉलेज की उस मुलाकात से लेकर काली मंदिर में हुई शादी तक का पुराना किस्सा फिर जीवंत हो उठा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed