’26/11 मुंबई हमले के 18 साल’, 58 मौतें और रेलवे अनाउंसर विष्णु झेंडे की जांबाजी की अमर कहानी
मुंबई: 26 नवंबर 2008 की रात करीब साढ़े नौ बजे का वक्त। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई रोज की तरह अपनी रफ्तार से दौड़ रही थी, और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस यानी सीएसएमटी यात्रियों की भीड़ से खचाखच भरा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि चंद पलों में यह ऐतिहासिक स्टेशन चीख-पुकार, खून और मौत के मंजर में बदलने वाला है।
आज उस भयावह आतंकी हमले को 18 साल पूरे हो चुके हैं। पाकिस्तान से समुद्री रास्ते के जरिए मुंबई पहुंचे आतंकियों ने ताजमहल होटल समेत कई ठिकानों को निशाना बनाया था, लेकिन सबसे बड़ा कत्लेआम सीएसएमटी स्टेशन पर हुआ, जहां 58 निर्दोष लोगों की जान चली गई। लेकिन मौत के इस तांडव के बीच रेलवे अनाउंसर विष्णु दत्ताराम झेंडे जैसे जांबाज भी थे, जिन्होंने गोलियों की बौछार के बीच सैकड़ों लोगों की जान बचाई।
26 नवंबर 2008 की रात करीब 9:30 बजे जब यात्री अपने घर लौटने के लिए ट्रेन पकड़ने की जल्दी में थे, तभी सीएसएमटी स्टेशन पर अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। देखते ही देखते चारों तरफ भगदड़ मच गई और प्लेटफॉर्म पर बिखरा सामान, जूते-चप्पल व खून से सने बैग उस रात की भयावहता की गवाही देने लगे।
आतंकी अजमल कसाब और अबू इस्माइल ने स्टेशन के मुख्य हॉल में निहत्थे यात्रियों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस हमले में सीएसएमटी पर सबसे ज्यादा 58 लोगों की मौत हुई और 150 से अधिक लोग घायल हुए। मुंबई में तीन दिनों तक चले इस आतंकी हमले में कुल 166 निर्दोष लोगों की जान गई और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए। मौत के उस तांडव के बीच कुछ ऐसे भी इंसान थे, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों को बचाने का फर्ज निभाया। इनमें सीएसएमटी के रेलवे अनाउंसर विष्णु दत्ताराम झेंडे का नाम आज भी पूरे सम्मान के साथ लिया जाता है।
हमले के वक्त विष्णु अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। धमाके और गोलियों की आवाज सुनते ही उन्होंने खतरे को भांप लिया और तुरंत रेलवे के पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए हिंदी और मराठी में लगातार घोषणाएं शुरू कर दीं। उन्होंने यात्रियों को सुरक्षित रास्तों से बाहर निकलने की हिदायत दी, जिससे बड़ी संख्या में लोगों की जान बच सकी।
हालात तब बेहद खतरनाक हो गए जब आतंकियों की नजर अनाउंसमेंट केबिन पर पड़ी और कसाब व उसके साथी ने केबिन की तरफ भी गोलियां चलाईं। विष्णु झेंडे और उनके सहयोगियों ने डेस्क के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई, लेकिन उन्होंने अनाउंसमेंट बंद नहीं किया।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले में भी विष्णु झेंडे की सतर्कता और लगातार किए गए ऐलानों से कई लोगों की जान बचने का उल्लेख किया गया है। हमले के बाद वे पूरी रात स्टेशन पर डटे रहे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बाद में मुंबई दौरे के दौरान तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी विष्णु झेंडे से मुलाकात कर उनके अदम्य साहस की सराहना की थी।
सीएसएमटी पर हुए इस हमले में यात्रियों के साथ-साथ दो सुरक्षाकर्मियों की भी जान गई थी, जबकि पूरे मुंबई हमले में आतंकियों से लोहा लेते हुए कई पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों ने सर्वोच्च बलिदान दिया।
जिंदा पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब को लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद 21 नवंबर 2012 को पुणे की यरवदा जेल में फांसी के फंदे पर लटकाया गया। आज 18 साल बाद भी सीएसएमटी की दीवारों और प्लेटफॉर्म से गुजरने वाले हर शख्स की यादों में वह रात और शहीदों का बलिदान जिंदा है।
