छोटे सरकार की बेटी की शाही शादी में 4 लाख मेहमान, 100 करोड़ की संपत्ति के मालिक शादी के बाद करेंगे सरेंडर
बिहार: बिहार की राजनीति में अपने बेबाक अंदाज और वन-लाइनर्स के लिए मशहूर मोकामा विधायक अनंत सिंह यानी ‘छोटे सरकार’ एक बार फिर सुर्खियों में छाए हुए हैं। इस बार वजह कोई चुनावी दंगल नहीं, बल्कि उनकी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी है। आगामी 25 नवंबर को अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां (बाढ़) में होने जा रही इस शादी के चर्चे पूरे देश में हो रहे हैं। खुद अनंत सिंह ने दावा किया है कि इस शादी में चार लाख से ज्यादा मेहमान आएंगे, और तो और—घुड़दौड़ प्रतियोगिता जीतने वाले को इनाम में ‘महिंद्रा थार’ दी जाएगी।
लेकिन इस भव्य शादी के बीच एक कानूनी पेंच भी है—सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 1 दिसंबर तक सरेंडर करने का निर्देश दिया है। आखिर कैसी है इस शादी की भव्यता और कितनी है अनंत सिंह की कुल संपत्ति?
पटना से करीब 65 किलोमीटर दूर बाढ़ के नदवां गांव में इन दिनों किसी महाकुंभ जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। 25 नवंबर को अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी पटना के बिहटा निवासी ऋषिकेश से होने जा रही है, जिन्होंने अमेरिका से एमबीए की पढ़ाई की है।
अपने खास अंदाज में अनंत सिंह ने मीडिया से कहा— ‘चार लाख से तो स्टार्टिंग है, अगर और लोग भी आएंगे तो उनके खाने का भी इंतजाम किया जाएगा। हमने इस शादी का न्योता हिंदुस्तान और पाकिस्तान में सबको भेजा है।’ जब पत्रकारों ने मेहमानों की सूची मांगी तो उन्होंने दो टूक कहा— ‘यहां सिनेमा जैसा टिकट नहीं लेना है, आप सब शादी में आइए।’
इस शादी का सबसे बड़ा आकर्षण है यहां आयोजित होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता, जिसका ऐलान खुद अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने सोशल मीडिया पर किया था। इस रेस को जीतने वाले विजेता को एक नई महिंद्रा थार गाड़ी इनाम में दी जाएगी। इसके अलावा चर्चा यह भी है कि दामाद ऋषिकेश को भी एक बेहद कीमती ‘डिफेंडर’ गाड़ी तोहफे में दी जाएगी।
जब अनंत सिंह से इस भव्य शादी के खर्च के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बड़े ही हल्के अंदाज में कहा कि वे खुद कुछ नहीं करते, उनके देशभर में फैले दोस्त और चाहने वाले ही शामियाना से लेकर खाने-पीने तक का सारा इंतजाम उठा लेते हैं। शादी के इस शाही खर्च के बीच लोगों में यह जानने की उत्सुकता बढ़ गई है कि आखिर अनंत सिंह की कुल संपत्ति कितनी है? साल 2025 के विधानसभा चुनाव में दाखिल हलफनामे के मुताबिक, अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी के पास कुल 100 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है।
इस दंपती के पास 4 करोड़ रुपये से ज्यादा की लग्जरी गाड़ियां हैं, जिनमें 2.70 करोड़ की लैंड क्रूजर और फॉर्च्यूनर शामिल हैं। पटना के फ्रेजर रोड पर 10 करोड़ की कमर्शियल बिल्डिंग ‘हसन मंजिल’, बाढ़ और गुरुग्राम में 13.90 करोड़ का दफ्तर, दिल्ली के जीके और पटना के बोरिंग रोड पर करोड़ों के फ्लैट के अलावा उनके पास 1 लाख 90 हजार रुपये कीमत के घोड़े, गाय, हाथी और भैंस भी हैं। हालांकि, दोनों पर कुल 25 करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज भी दर्ज है।
एक तरफ घर में शादी की शहनाइयां बज रही हैं, तो दूसरी तरफ कानून का शिकंजा भी कसा हुआ है। अनंत सिंह पर हत्या और अपहरण समेत 28 आपराधिक मामले लंबित हैं। साल 2025 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान हुई दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें आगामी 1 दिसंबर तक सरेंडर करने का निर्देश दिया है। अदालत ने बेटी की शादी की वजह से उन्हें चार हफ्ते की मोहलत दी थी, जिस पर अनंत सिंह ने कहा है कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है और वे तय समय पर सरेंडर करेंगे।
