रामलीला मंचन से पहले ‘रामायण’ फिल्म पर सियासी-सांस्कृतिक घमासान तेज, स्वरा भास्कर को भी रामलीला कमेटी ने दी खुली चुनौती
नई दिल्ली: विश्वविख्यात लव कुश रामलीला कमेटी द्वारा कांस्टीट्यूशन क्लब में हुई प्रेस वार्ता में लीला के प्रेसिडेंट अर्जुन कुमार ने मीडिया पर्सन से लीला में रावण, नारद मुनि और केवट का किरदार निभाने वाले फिल्मी कलाकारों से रूबरू कराया।
फिल्म दुनिया के नामचीन कलाकार राजप्रेमी रावण का रोल करेंगे, इन्होने संजय खान के सीरियल जय हनुमान में लीड किरदार सहित अनेक फिल्मों एवं पौराणिक सीरियल से अपनी अलग पहचान बनाई है। लेजेंड अभिनेता पेन्टल कंवरजीत सिंह लीला में नारद मुनि का किरदार निभायेंगे। पेंटल फिल्म फेयर अवार्ड सहित अनेकों प्रतिष्ठित अवार्ड हासिल कर चुकें है। पेंटल पहली बार किसी रामलीला में नारद मुनि का अभिनय करेंगे, फेमस अभिनेता, सिंगर शंकर साहनी लीला में केवट का अहम किरदार निभायेंगे।
प्रेसिडेंट अर्जुन कुमार ने मीडिया के सवालों के जवाब में बताया कि लीला मंचन के लिए 140 फुट लंबे, 60 फुट चौड़ा, 45 फुट उंचा भव्य मीनाक्षी टेम्पल का चार मंजिला मंच तैयार किया जा रहा है। कोलकता, दिल्ली, मुंबई, गुजरात, राजस्थान, मथुरा और वृंदावन के कारीगरों ने महीनों की मेहनत से मदुरै का विश्व विख्यात मीनाक्षी टेम्पल का आकार दिया है। मंदिर की नक्काशी, गुंबद और स्तंभ में भारतीय शिल्पकला की झलक दिखेगी, इसमें विशेष रंगों का प्रयोग किया जायेगा, एक लाख एलईडी लाईटस से सजेगा, जैसे ही लाईट बदलती है, मंदिर का प्रत्येक हिस्सा दिव्यता और आभा से जगमगा उठेगा, कहीं नीली रोशनी कहीं सुनहरी रोशनी, लाल और हरे रंग की रोशनी मंदिर की आभा को और भी मोहक बनायेगी ।
इस भव्य सेट पर 31 फीट का कैलाश पर्वत और घने जंगल का सेट बनाया जायेगा। इसी सेट पर केवट जी का श्रीराम, लक्ष्मण, सीता का नाव से नदी पार कराने के सीन में पूरा मंच विज्यूल इफेक्टस के जरिए पानी-पानी जैसा दिखेगा जिस पर नाव चलते हुए दिखाई देगी। जंगल के दृश्यों में राम भक्तों को महसूस होगा कि वह खुद पक्षी, पशु, प्रकृति के बीच बैठे हुए है। चिड़िया चहकेंगी, शेर दहाड़ रहे होंगे, मोर नाच रहे होंगे। दूसरी मंजिल पर 3डी, मैपिंग इफैक्ट्स 135 बाई 14 की विशाल एल.ई.डी. युक्त और डिजिटल डाल्बी सांउड के साथ विशाल स्टेज पर प्रतिदिन श्री राम लीला का मंचन होगा। भव्य स्टेज की तीसरी मंजिल पर आकाश में विचरण कर रहे सभी देवी देवता लीला मंचन के बीच में प्रभु श्री राम पर पुष्प वर्षा करते दिखाई देंगे। रामभक्तों के बीच आकाश में नजर आएंगे भूत-भूतनी, पिशाच भी युद्ध के दृश्यों के दौरान 70 फीट की हाईट पर भूत-प्रेत, पिशाच-राक्षस डरावनी आवाजों के साथ दिखाई देंगे। इन दृश्यों को और असरदार तरीके से पेश करने के लिए स्टीरियों फोनिक 8-ट्रैक सांउड डिजिटल डालबी साउंड का प्रयोग किया जायेगा ।
अर्जुन कुमार ने सनातन हिंदू धर्म के विरुद्ध लगातार बयानबाजी कर रही एक्ट्रेस स्वरा भास्कर को नसीहत देते हुए कहा की अगर आपको सनातन संस्कृति को जानना है तो रामलीला का अवलोकन करें, प्रभु श्री राम सीता लक्ष्मण और रामायण से भारतीय मूल्यों को जानें, उसके बाद ही सनातन के बारे में अपनी जुबान खोले , मीडिया के सवालों के जवाब में उन्होंने दोहराया कि रामलीला महासंघ रणवीर कपूर की फिल्म रामायण का विरोध करने के अपने निर्णय पर अटल है। उन्होने कहा हम फिल्म के मेकर्स को लिखे अपने पत्र के जवाब और फिल्म की रिलीज से पहले रामलीला आयोजकों की फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के अपने फैसले पर कायम है अगर फिल्म में मेकर्स रामायण से कुछ भी तोड़-मरोड़ की तो हम इसका जोरदार विरोध करेंगे ।
कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल ने बताया रामलीला मंचन समारोह 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक होगा एवं रावण दहन दशहरा पर्व 20 अक्टूबर को दिल्ली सहित पूरे देश में उत्साह के साथ सम्पन्न होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर 2026 को लालकिला मैदान में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, नारायण सेवा संस्थान, तारा नेत्रालय तथा एलप्स के संयुक्त तत्वावधान में हेल्थ मेले में निःशुल्क दिव्यांग सहायक उपकरण वितरण, लिम्स, ट्राईसाईकिल्स, आंखों की जांच एवं ऑपरेशन के लिए चयन, चश्मों का वितरण, कानों की मशीन आदि वितरित की जायेगी।
फिल्म स्टार राजप्रेमी ने कहा कि दिल्ली के ऐतिहासिक लालकिला मैदान पर मुझे रावण का अभिनय करने का अवसर मिला। यह मेरे लिए बहुत ही गर्व की बात है मैं कमेटी के पदाधिकारियों का धन्यवाद करता हूँ कि आपने मुझे अवसर दिया। अभिनेता पेन्टल कंवरजीत सिंह ने कहा कि पौराणिक सीरियल में बहुत काम किया है दिल्ली में लाईव रामलीला में नारद का अभिनय करूंगा। शंकर साहनी ने कहा कि मैं रामलीला में पिछले अनेकों वर्षो से कार्य कर रहा हूँ इस वर्ष में केवट का रोल करूंगा|
लीला कमेटी के चेयरमैन पवन गुप्ता ने कहा कि 20 सितम्बर को भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया है। जिसमें अनेक केन्द्रीय मंत्री, सांसद, विधायकों एवं निगम पार्षद सहित गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। भूमि पूजन के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। लीला मंचन के लिए कई राजनैतिक दलों के नेता, स्टेज कलाकार और खेल जगत की कई दिग्गज हस्तियाँ लीला मंच पर अलग-अलग किरदार निभायेंगी।
