जैकलिन फर्नांडीज का गाना ‘जुगनी’ को लेकर बढ़ा विवाद, सिंगर सोनू ठुकराल ने कराई शिकायत दर्ज
सिंगर सोनू ठुकराल और बॉलीवुड की ग्लैमरस एक्ट्रेस जैकलिन फर्नांडीज का नया गाना ‘जुगनी’ इन दिनों यूट्यूब और सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रेंड कर रहा था। दर्शकों से इस गाने को बेशुमार प्यार मिल रहा था… लेकिन इसी सफलता के बीच इस गाने को लेकर एक ऐसा गंदा विवाद खड़ा कर दिया गया, जिसने सिंगर सोनू ठुकराल को मानसिक रूप से बुरी तरह आहत कर दिया है। 15 मिलियन व्यूज हासिल कर चुके इस गाने को रातों-रात ऑफिशियल चैनल से डिलीट करना पड़ा।
आइए आपको सिलसिलेवार तरीके से बताते हैं कि आखिर इस पूरे विवाद की शुरुआत कहाँ से हुई। ‘जुगनी’ गाने की शूटिंग के दौरान डांस के एक सीन में एक छोटी सी तकनीकी गलती हो गई। गाने के एक शॉट में गलत कैमरा एंगल की वजह से ऐसा फ्रेम शामिल हो गया, जिसे ध्यान से न देखने पर अनदेखा किया जा सकता था।
लेकिन जैसे ही यह गाना रिलीज़ हुआ और सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा, कुछ असामाजिक और शरारती तत्वों की नज़र इस छोटे से सीन पर पड़ गई। फिर क्या था… इन लोगों ने AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल का इस्तेमाल करके उस छोटे से हिस्से को एडिट और मॉर्फ (Morph) करना शुरू कर दिया।
इसे इंटरनेट पर भ्रामक और बेहद आपत्तिजनक तरीके से फैलाया जाने लगा। इतना ही नहीं, एडिटेड वीडियो के ज़रिए सिंगर सोनू ठुकराल और जैकलिन फर्नांडीज पर अश्लीलता फैलाने जैसे झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाए जाने लगे। जब यह फर्जी और एडिटेड वीडियो इंटरनेट पर तेज़ी से फैलने लगा, तो बढ़ते विवाद और गलतफहमियों को रोकने के लिए सिंगर सोनू ठुकराल ने एक बहुत ही बड़ा और कड़ा फैसला लिया।
गाना यूट्यूब पर ब्लॉकबस्टर हिट हो चुका था और इसे 15 मिलियन यानी 1.5 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके थे। लेकिन अपनी और अपनी को-स्टार जैकलिन की छवि को बचाने के लिए सोनू ठुकराल ने 15 मिलियन व्यूज की परवाह किए बिना गाने को तुरंत अपने ऑफिशियल चैनल से डिलीट कर दिया।
इसके बाद मेकर्स ने उस विवादित और गलत कैमरा एंगल वाले सीन को एडिट करके पूरी तरह से हटा दिया और गाने को दोबारा नए वर्जन के साथ रिलीज़ किया। लेकिन बदमाशी यहीं नहीं रुकी। गाना दोबारा रिलीज़ होने के बावजूद कुछ शरारती तत्व अब भी पुराने एडिटेड और AI मॉर्फ्ड वीडियो को सोशल मीडिया पर फैलाकर भ्रांति पैदा कर रहे हैं।
लगातार हो रही इस साजिश और छवि खराब करने की कोशिश से परेशान होकर सिंगर सोनू ठुकराल ने अब कानून का रास्ता अपनाया है। सोनू ठुकराल ने साइबर क्राइम सेल में जाकर इस मामले की आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में सोनू ठुकराल ने साफ कहा है कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर उनके गाने की कामयाबी से जलकर उनकी और जैकलिन फर्नांडीज की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने की कोशिश कर रहे हैं।
सोनू ठुकराल ने अपने फैंस और आम जनता से अपील की है कि— ‘कृपया सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऐसे भ्रामक और AI से एडिट किए गए फर्जी वीडियो पर बिल्कुल भरोसा न करें। सिर्फ और सिर्फ ऑफिशियल प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद ओरिजिनल गाने को ही देखें।’ उन्हें पूरी उम्मीद है कि पुलिस और साइबर सेल इस मामले में तेज़ी से कार्रवाई करेगी और AI का गलत इस्तेमाल करने वाले इन दोषियों को सलाखों के पीछे पहुँचाएगी।
तमाम विवादों और साजिशों के बावजूद ‘जुगनी’ गाना आज भी दर्शकों की पहली पसंद बना हुआ है। नए वर्जन के साथ रिलीज़ होने के बाद भी यह गाना यूट्यूब पर फिर से ट्रेंड कर रहा है और लोग संगीत का लुत्फ उठा रहे हैं।
