दो दशक से अधिक समय तक पत्रकारिता करने के बाद नीरू शर्मा बनीं फिल्म निर्देशक
कहा जाता है कि एक पत्रकार की नज़र समाज के उन पहलुओं तक पहुंच जाती है, जहां आम लोगों की नज़र नहीं जाती। और जब वही पत्रकार खुद डायरेक्टर बन जाए, तो उसकी सोच पर्दे पर कुछ अलग ही कमाल दिखाती है। मनोरंजन पत्रकारिता में 20 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाली नीरू शर्मा ने अब फिल्म मेकिंग में अपनी नई और दमदार शुरुआत की है।
फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को करीब से कवर करने वाली नीरू शर्मा की बतौर लेखक और डायरेक्टर पहली फिल्म ‘बांद्रा बॉय’ अब इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल्स की कॉम्पिटिशन कैटेगरी में हिस्सा लेने के लिए तैयार है।
सालों तक फिल्म और टीवी की दुनिया को करीब से समझने के बाद नीरू शर्मा ने फिल्म मेकिंग की पढ़ाई भी की। उन्होंने शोमैन सुभाष घई के मशहूर संस्थान व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल से डायरेक्शन सीखा और वहीं से स्क्रीनराइटिंग में डिप्लोमा भी किया। साल 2015 से वह लगातार लेखन से जुड़ी हुई हैं।
इस दौरान उन्हें सीनियर एक्टर बोमन ईरानी, मशहूर स्क्रीनराइटर अंजुम राजाबली और लेखक मयूर पुरी जैसे बड़े नामों से सीखने का मौका मिला। इसी अनुभव की बदौलत उन्होंने कहानी, किरदारों और थ्रिलर फिल्म की बारीकियों को अपनी पहली फिल्म में पेश किया है।
अब बात करते हैं उनकी पहली फिल्म ‘बांद्रा बॉय’ की। यह एक दमदार थ्रिलर फिल्म है, जो आज के समय के सबसे अहम मुद्दों—मीडिया नैरेटिव, लोगों की सोच और सोशल मीडिया पर बनने वाली धारणाओं—को सामने लाती है।
फिल्म एक बड़ा सवाल पूछती है कि आज के डिजिटल दौर में किसी भी घटना की पूरी सच्चाई सामने आने से पहले ही लोग सोशल मीडिया के आधार पर किसी इंसान के बारे में अपनी राय क्यों बना लेते हैं? सोशल मीडिया और तेजी से बदलते सूचना के दौर में यह विषय काफी अहम और सोचने पर मजबूर करने वाला है।
फिल्म में मुख्य भूमिका अभिनेता अहवान कुमार निभा रहे हैं। वहीं गुजराती और मराठी फिल्मों के जाने-माने अभिनेता धर्मेंद्र गोहिल भी एक अहम किरदार में नजर आएंगे।
नई प्रतिभाओं को मौका देते हुए नीरू शर्मा ने इस फिल्म में कई बेहतरीन कलाकारों को शामिल किया है। इनमें व्हिसलिंग वुड्स के पूर्व छात्र लोचन बरसागड़े, थिएटर कलाकार यश पेडणेकर, टीवी अभिनेता पवन तिवारी और श्याम थोंबरे जैसे कलाकार शामिल हैं, जो फिल्म को और मजबूत बनाते हैं।
फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि पत्रकारिता से फिल्म डायरेक्शन में सफल होना आसान नहीं होता। ऐसे में नीरू शर्मा का यह सफर काफी खास माना जा रहा है।
फिल्म से जुड़े लोगों के मुताबिक ‘बांद्रा बॉय’ की नेशनल और इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल्स की यात्रा शुरू हो चुकी है और आने वाले महीनों में यह कई बड़े मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करती नजर आ सकती है।
दूसरों की कहानियां दुनिया तक पहुंचाने वाली एक पत्रकार जब खुद कैमरे के पीछे खड़ी होकर अपनी कहानी सुनाती है, तो दर्शकों की उम्मीदें भी बढ़ जाती हैं।
