भारती सिंह के पॉडकास्ट में फूट-फूटकर रोईं राखी सावंत; बयां किया अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द

कहते हैं कि जो इंसान ऊपर से जितना सख्त, बिंदास और बेबाक दिखाई देता है, वो अंदर से उतना ही मासूम और अकेलेपन का शिकार होता है। एंटरटेनमेंट क्वीन राखी सावंत को पूरी दुनिया एक बोल्ड और कभी न हार मानने वाली एक्ट्रेस के तौर पर जानती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया को हंसाने वाली इस राखी की मुस्कान के पीछे कितना गहरा दर्द और तन्हाई छिपी है?

हाल ही में राखी सावंत मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट शो में पहुँचीं। इस दौरान हमेशा हंसने वाली राखी कैमरे के सामने फूट-फूटकर रोने लगीं। राखी ने अपनी जिंदगी के उस काले सच और अकेलेपन से पर्दा उठाया है, जिसे सुनकर भारती सिंह भी अपने आंसू नहीं रोक पाईं।

राखी सावंत जब भी कैमरे के सामने आती हैं, तो माहौल खुशनुमा हो जाता है। लेकिन भारती और हर्ष के पॉडकास्ट में राखी का एक बिल्कुल अलग और अंदर तक झकझोर देने वाला रूप देखने को मिला। अपनी जिंदगी के सूनेपन पर बात करते हुए राखी का दर्द छलक पड़ा।

राखी रोते हुए बोलीं— मैं बहुत रोती हूं। कल रात को ही मैं खूब रोई हूं। आज मुझसे कोई यह पूछने वाला नहीं है कि तुमने खाना खाया या नहीं खाया। जब तक मेरी मां जिंदा थी, वो हमेशा पूछती थी कि बेटा खाना खा ले। राखी ने आगे बेहद भारी मन से कहा— अब तो मेरा घर भी एकदम श्मशान घाट जैसा लगता है, क्योंकि वहां कोई पूछने वाला ही नहीं होता। मेरी जिंदगी में अब कोई भी नहीं बचा है। राखी की ये बातें सुनकर शो की होस्ट भारती सिंह भी खुद को संभाल नहीं पाईं और उनकी आँखों से भी आंसू बहने लगे।

राखी सावंत ने इस दौरान उन लोगों पर भी सीधा निशाना साधा जो प्यार के नाम पर उनकी जिंदगी में आए और उन्हें धोखा देकर चले गए। राखी ने साफ कहा कि अब उनमें दोबारा शादी करने की हिम्मत नहीं बची है।

राखी बोलीं— हिम्मत भी नहीं हो रही है कि मैं दोबारा शादी करूं, क्योंकि ये सब लोग मुझे लूट लेंगे। इन लोगों को बीवी नहीं चाहिए, ये लोग मुझे सिर्फ एक सीढ़ी की तरह इस्तेमाल करके ऊपर चढ़ना चाहते हैं। मेरी जिंदगी से अब भरोसे नाम का शब्द ही उठ गया है। मैं समझ नहीं पा रही कि मैं कैसे कीचड़ में आकर फंस गई हूं। हमेशा अपने बेबाक तेवरों से सोशल मीडिया पर छाई रहने वाली राखी को इस तरह बिखरते और रोते-बिलखते देख उनके फैंस का दिल भी टूट गया है। फैंस का कहना है कि राखी ने कभी बेचारी बनकर सिंपैथी नहीं ली, वो आज भी सच बोल रही हैं।

अगर राखी सावंत की पर्सनल लाइफ पर नजर डालें, तो दो-दो बार घर बसाने के बाद भी आज वो बिल्कुल अकेली जिंदगी जी रही हैं। राखी की दोनों ही शादियां बेहद बुरे मोड़ पर आकर खत्म हुईं। उन्होंने पहली शादी साल 2019 में रितेश सिंह से की थी, लेकिन तीन साल के भीतर यानी 2022 में उनका तलाक हो गया।

इसके बाद इसी साल 2022 में राखी की जिंदगी में बिजनेसमैन आदिल खान आया। आदिल के लिए राखी ने अपना धर्म तक बदला और निकाह किया। लेकिन अफसोस, महज एक साल के अंदर ही इस शादी में लड़ाइयां, पुलिस केस और गंभीर आरोप सामने आने लगे और यह रिश्ता भी टूट गया। दो शादियों के इस दर्दनाक अंत के बाद आज राखी अपने घर में बिल्कुल तन्हा हैं, लेकिन उनकी यह सच्चाई आज लाखों लोगों के दिलों को छू रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed