भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव का बड़ा ऐलान— देश में महंगाई को देखते हुए थिएटर्स में नहीं करेंगे फिल्में रिलीज

अपनी फिल्मों और गानों से बॉक्स ऑफिस पर बवाल काटने वाले भोजपुरी के सबसे बड़े सुपरस्टार खेसारी लाल यादव इस बार अपनी किसी फिल्म को लेकर नहीं, बल्कि देश की राजनीति और महंगाई पर दिए अपने एक बेहद बेबाक बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। खेसारी लाल यादव ने साफ-साफ ऐलान कर दिया है कि देश में इस वक्त जो आर्थिक संकट और महंगाई है, उसे देखते हुए वह अपनी कोई भी नई फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज नहीं करेंगे।

खेसारी ने यहाँ तक कह दिया है कि आज देश में नोटबंदी से भी बदतर हाल है। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशवासियों से बचत करने की अपील पर सीधा निशाना साधते हुए खेसारी ने देश के बड़े उद्योगपतियों अंबानी-अडानी से लेकर बॉलीवुड के किंग खान तक से चंदा इकट्ठा करने का फॉर्मूला दिया है।

मौजूदा आर्थिक हालातों पर गहरी चिंता जताते हुए सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने मीडिया के सामने खुलकर अपनी भड़ास निकाली। खेसारी ने साफ कहा कि इस समय फिल्म रिलीज करने का कोई मतलब नहीं है क्योंकि जनता इस वक्त बेहद परेशान है। खेसारी बोले— ‘अभी देश में स्थिति इतनी खराब है कि इस माहौल में कौन सिनेमा रिलीज करेगा? यह तो नोटबंदी से भी बुरा हाल है।लोगों के पास इस समय अपना घर चलाने के लिए बजट बचाना सबसे जरूरी काम है। पेट्रोल-डीजल महंगे हो गए हैं, रसोई गैस महंगी हो गई है, आम आदमी का आना-जाना तक दूभर हो गया है। जब हर चीज इतनी महंगी है, तो सिनेमा रिलीज करना सही नहीं है। क्योंकि हर आदमी पहले अपना बजट बचाएगा। मेरी 4-5 फिल्में पूरी तरह से डबिंग और हर काम के साथ रेडी हैं, लेकिन इस परिस्थिति में मैं इन्हें रिलीज नहीं कर पाऊंगा।’ खेसारी ने आगे कहा कि इस बजट के हिसाब से आगे क्या होने वाला है, यह किसी को नहीं पता। इसलिए हर इंसान को अपने बच्चों के भविष्य और जिंदा रहने के लिए बैलेंस बचाना पड़ेगा, ऐसे में वो उन पर फिल्मों का वित्तीय बोझ नहीं डालना चाहते।

बचत करने की नसीहत पर बात करते हुए खेसारी लाल यादव ने कहा कि असली मार तो उस गरीब और आम नागरिक पर पड़ रही है जिसके पास सिर्फ एक साइकिल की व्यवस्था है और जिसे रोज गैस-तेल के लिए सोचना पड़ता है। बड़ी गाड़ियों में घूमने वाले करोड़पति-अरबपतियों को बचाने की जरूरत है। इसी बातचीत के दौरान खेसारी ने देश की आर्थिक तंगी को दूर करने के लिए पीएम मोदी को एक बेहद अनोखा ‘चंदा आइडिया’ दे डाला।

खेसारी ने कहा— ‘नरेंद्र मोदी जी को देश के जितने भी बड़े उद्योगपति हैं, चाहे वो अंबानी हों या अडानी, और जितने भी बॉलीवुड, साउथ या बिहार के बड़े कलाकार हैं, जैसे शाहरुख खान, मनोज तिवारी या खुद खेसारी लाल यादव… इन सबसे कहना चाहिए कि हमारा देश आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, इसलिए आप सब देशहित में चंदा करो। हम सबने इसी देश की जनता से कमाया है।अगर सब लोग अपनी सक्षमता के अनुसार 1 करोड़ या 10 करोड़ रुपये का चंदा दें तो उस पैसे से देश के गरीब तबके का भला किया जा सकता है।चीजों को महंगा करने से अच्छा है कि जिन्होंने इसी देश से कमाया है, उनसे चंदा लेकर गरीबों तक मदद पहुंचाई जाए।’

तो खेसारी लाल यादव ने अपनी फिल्में रोककर जनता के प्रति अपनी सहानुभूति तो दिखा दी है, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने देश के सबसे अमीर लोगों और बड़े स्टार्स को चंदा देने की बात कहकर एक नई बहस को जन्म दे दिया है। अब देखना यह होगा कि खेसारी के इस तीखे बयान और चंदा देने वाले इस फॉर्मूले पर राजनीति और बॉलीवुड के गलियारों से क्या पलटवार आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *