केशव पुरम के सी-2 ब्लॉक के 50 वर्ष पूरे होने पर विशाल ‘माता की चौकी’ का किया गया आयोजन

दिल्ली का केशव पुरम इलाका कल रात मां के जयकारों से गूंज उठा। मौका था सी-2 ब्लॉक के गौरवशाली 50 वर्ष पूर्ण होने का। इस ‘स्वर्णिम जयंती’ को यादगार बनाने के लिए सी-2 परिवार और आरडब्ल्यूए (RWA) ने मिलकर एक विशाल ‘माता की चौकी’ का आयोजन किया। दिवाली पार्क में सजे मां के दरबार में न सिर्फ भक्ति की बयार बही, बल्कि स्थानीय विधायक और पार्षदों ने भी भजनों पर थिरककर श्रद्धालुओं का उत्साह दोगुना कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूरे विधि-विधान के साथ पूजन और अखंड जोत प्रज्वलित कर किया गया। जैसे ही सुप्रसिद्ध प्रिंस कीर्तन मंडली ने अपनी मधुर आवाज में मां की महिमा का गुणगान शुरू किया, पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। ‘जय माता दी’ के नारों के साथ श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। सी-2 ब्लॉक के निवासियों के लिए यह सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अपने 50 साल के सामुदायिक भाईचारे का जश्न भी था।

इस चौकी का मुख्य आकर्षण रहीं भगवान राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती और हनुमान जी की अलौकिक झांकियां। इन झांकियों की सुंदरता और कलाकारों के नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। हनुमान जी के स्वरूप और शिव-तांडव की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को खड़े होकर नृत्य करने पर मजबूर कर दिया। दिवाली पार्क में ऐसा नजारा था मानो साक्षात देवलोक धरती पर उतर आया हो।

इस धार्मिक अनुष्ठान में राजनीति और समाज सेवा से जुड़े कई दिग्गज पहुंचे। वजीरपुर की विधायक पूनम शर्मा भारद्वाज, स्थानीय निगम पार्षद एडवोकेट योगेश वर्मा और भाजपा जिला अध्यक्ष अजय खटाना ने विशेष रूप से माता का आशीर्वाद लिया। विधायक पूनम शर्मा न केवल भजनों का आनंद लेती दिखीं, बल्कि उन्होंने स्वयं भी श्रद्धालुओं के साथ नृत्य कर सबका उत्साह बढ़ाया और चैत्र नवरात्रि की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। योगेश वर्मा ने भी शिक्षा समिति के अध्यक्ष के रूप में ब्लॉक के विकास और एकता की सराहना की।

कार्यक्रम का समापन मां की भव्य आरती और विशाल भंडारे के साथ हुआ, जहाँ सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष डॉक्टर सुनीता शर्मा और उनकी पूरी टीम ने इस सफल आयोजन के लिए सी-2 परिवार के वॉलंटियर्स का आभार जताया। 50 साल का यह सफर भक्ति के साथ एक नए अध्याय की ओर बढ़ चला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed