मोतिहारी में मानवता शर्मसार! शराबी ने खरगोश बताकर गांव वालों ने खिलाया कुत्ते का मांस, कई बीमार

बिहार के मोतिहारी से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है, जिसे सुनकर आपकी रूह कांप जाएगी। नशे की लत इंसान को किस कदर अंधा बना देती है, इसकी बानगी मधुबन प्रखंड के गरहिया गांव में देखने को मिली। यहाँ एक शख्स ने शराब के पैसों के लिए न केवल एक बेजुबान कुत्ते की जान ली, बल्कि पूरे गांव के साथ जो घिनौना मजाक किया, उसने सबको अस्पताल पहुँचा दिया।

मोतिहारी का गरहिया गांव, जहाँ आज सन्नाटा और दहशत पसरा है। यहाँ के रहने वाले मंगरु सहनी की एक घिनौनी करतूत ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। शराब का आदी मंगरु, नशे के लिए पैसे जुटाने की फिराक में था। उसने गांव के ही एक आवारा कुत्ते को पकड़ा, उसे बेरहमी से मारा और उसके मांस के टुकड़े कर दिए। कड़कड़ाती ठंड का फायदा उठाकर उसने इस मांस को ‘खरगोश का गोश्त’ बताकर गांव वालों को बेचना शुरू कर दिया। लालच और धोखे का जाल ऐसा बुना गया कि गांव के करीब 15 लोगों ने एक हज़ार रुपये प्रति किलो की दर से यह मांस खरीद लिया। ठंड के मौसम में लोगों ने इसे बड़े चाव से पकाकर खाया। लेकिन खुशियां जल्द ही चीख-पुकार में बदल गईं। मांस खाने के कुछ ही घंटों बाद बच्चों से लेकर बड़ों तक, सबकी तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी, दस्त और पेट के तेज दर्द से लोग तड़पने लगे।

हैरानी की बात तो यह है कि इस घिनौने अपराध का खुलासा किसी और ने नहीं, बल्कि खुद आरोपी मंगरु ने किया। अगले दिन नशे में धुत मंगरु ने पूरे गांव में घूम-घूमकर चिल्लाना शुरू किया कि उसने सबको खरगोश नहीं, बल्कि कुत्ते का मांस खिलाया है। यह सुनते ही गांव में हड़कंप मच गया। जब लोगों ने खेतों की तलाशी ली, तो वहां कुत्ते का कटा हुआ सिर और पैर मिले, जिसने इस खौफनाक सच पर मुहर लगा दी। गांव वालों के गुस्से को देखते हुए आरोपी मंगरु मौके से फरार हो गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। बीमार लोगों का इलाज चल रहा है, लेकिन गांव के लोग इस सदमे और डर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं कि उनके साथ इतना बड़ा छल हुआ है।

शराब की तलब ने मंगरू को इस कदर हैवान बना दिया कि उसने न सिर्फ एक बेजुबान की जान ली, बल्कि 15 परिवारों की जिंदगी को भी खतरे में डाल दिया। पुलिस अब अवशेषों की जांच कर रही है और सख्त कार्रवाई को भरोसा दे रही है। लेकिन इस घटना ने पूरे समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *