नीतीश कुमार के ‘हिजाब कांड’ पर भड़के जावेद अख्तर: बोले- “पर्दे से खिलाफ हूं, पर नीतीश के व्यवहार को सही नहीं मानता”

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार मामला किसी राजनीतिक बयान का नहीं, बल्कि एक महिला डॉक्टर के साथ किए गए उनके व्यवहार का है। पटना के एक इवेंट में नीतीश कुमार ने कथित तौर पर एक महिला डॉक्टर के चेहरे से बुर्का हटाने की कोशिश की, जिसके बाद बवाल मच गया। अब इस मामले में मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर की एंट्री हुई है। जावेद अख्तर ने नीतीश कुमार के इस कदम की न सिर्फ निंदा की है, बल्कि उनसे बिना शर्त माफी मांगने को भी कहा है।

पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कुछ ऐसा किया कि हर कोई हैरान रह गया। वहां मौजूद एक मुस्लिम महिला डॉक्टर के हिजाब या बुर्के को उन्होंने जिस तरह से हटाने की कोशिश की, उसे लेकर लोगों में काफी गुस्सा है। सोशल मीडिया पर लोग इसे महिला की निजता और सम्मान के खिलाफ बता रहे हैं।

इस विवाद में तब नया मोड़ आया जब जावेद अख्तर का एक पुराना वीडियो नीतीश कुमार के समर्थन में वायरल किया जाने लगा। वीडियो में जावेद अख्तर बुर्के और पर्दे की प्रथा के खिलाफ बोलते नजर आ रहे थे। लेकिन जैसे ही जावेद अख्तर को पता चला कि उनके बयान का इस्तेमाल नीतीश कुमार के व्यवहार को सही ठहराने के लिए किया जा रहा है, उन्होंने फौरन सफाई पेश की।

जावेद अख्तर ने सोशल मीडिया पर लिखा— जो लोग मुझे थोड़ा-बहुत भा जानते हैं, वो ये भा जानते होंगे की मैं पर्दे की परंपरा के खिलाफ हूं। लेकिन इसका मतलब ये कतई नहीं की मैं नीतीश कुमार के उस व्यव्हार को सही मानूं। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। नीतीश कुमार को उस महिला डॉक्टर से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।

दरअसल, हाल ही में एक लिटरेरी फेस्टिवल में जावेद अख्तर ने बुर्के को लेकर बड़ी बात कही थी। उन्होंने सवाल उठाया था कि महिलाओं को अपने चेहरे पर शर्म क्यों महसूस होनी चाहिए? उन्होंने कहा कि शालीन कपड़े पहनना अच्छी बात है, लेकिन चेहरा ढकने के पीछे कोई तर्क नहीं है। उनके मुताबिक, जो महिलाएं अपनी मर्जी से बुर्का पहनने की बात कहती हैं, वो भी कहीं न कहीं ‘ब्रेनवॉश्ड’ होती हैं या समाज के दबाव में ऐसा करती हैं।

जावेद अख्तर ने साफ कर दिया है कि वे भले ही बुर्के जैसी प्रथाओं को पसंद न करते हों, लेकिन किसी भी महिला के साथ जबरदस्ती करना या सार्वजनिक रूप से उसके कपड़ों के साथ छेड़छाड़ करना पूरी तरह गलत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *