बीजेपी के सबसे युवा कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का दिल्ली में भव्य स्वागत, संभाला राष्ट्रीय दायित्व

बिहार की राजनीति से राष्ट्रीय पटल पर छाए बीजेपी नेता नितिन नवीन ने आज राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में अपनी नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल ली है। पटना से दिल्ली पहुंचने पर इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनका ज़ोरदार स्वागत किया गया।

बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी नितिन नवीन के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद थे। सांसद मनोज तिवारी और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी उन्हें बधाई देने पहुंचे। कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ ने फूल-मालाओं से उनका भव्य अभिनंदन किया। एयरपोर्ट से नितिन नवीन सीधे पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय पहुँचे, जहाँ उन्होंने औपचारिक रूप से कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का पदभार ग्रहण किया। संगठनात्मक कौशल और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाने वाले नितिन नवीन को यह ज़िम्मेदारी ऐसे समय में मिली है, जब पार्टी नए चुनावी लक्ष्यों की ओर देख रही है।

45 साल की उम्र में इस बड़े मुकाम तक पहुँचना नितिन नवीन की राजनीतिक सूझबूझ को दर्शाता है। वह न सिर्फ 5 बार विधायक रह चुके हैं, बल्कि अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने वाले सबसे युवा नेता बन गए हैं। साथ ही, वह देश की मुख्य राजनीतिक पार्टियों में भी सबसे युवा कार्यकारी अध्यक्ष हैं। पटना में जन्मे और कायस्थ समुदाय से आने वाले नितिन नवीन वर्तमान में बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री की ज़िम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह स्वर्गीय नवीन किशोर सिन्हा, जो खुद बीजेपी के एक सीनियर नेता थे, के बेटे हैं और पिता के निधन के बाद से ही राजनीति में सक्रिय हैं।

नितिन नवीन की नियुक्ति बीजेपी में युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने की रणनीति का हिस्सा है। संगठन के सबसे युवा कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में, उन पर अब पार्टी को नई दिशा देने और युवा कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *