कोलकाता में मेसी के स्वागत में भारी अव्यवस्था, फैंस ने तोड़ी कुर्सियाँ; महंगे टिकट खरीदकर भी नहीं मिली झलक

फुटबॉल के जादूगर कहे जाने वाले लियोनेल मेसी, इस समय अपने तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं। दौरे की शुरुआत कोलकाता से हुई, जहाँ साल्ट लेक स्टेडियम में मेसी को देखने आए फैंस ने भारी अव्यवस्था के चलते जमकर हंगामा किया। एक तरफ मेसी का क्रेज़ दिखा, तो दूसरी तरफ आयोजकों की विफलता।

कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में बड़ी संख्या में फैंस अपने चहेते मेसी की एक झलक पाने की उम्मीद में पहुंचे थे। कई फैंस ने इसके लिए महंगे टिकट भी खरीदे थे, लेकिन खराब व्यवस्था और सही जानकारी न मिलने के कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया। फैंस का आरोप था कि आयोजकों और नेताओं ने मेसी से मिलने और शाहरुख खान को बुलाने जैसे बड़े वादे किए थे, जो पूरे नहीं हुए। लियोनेल मेसी की झलक ठीक से न मिलने से नाराज़ फैंस का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साई भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को सख्ती करनी पड़ी। अफरा-तफरी के बीच कुछ लोगों ने कुर्सियाँ और बोतलें फेंकी, और टेंट तथा मैदान में लगे गोल पोस्ट को नुकसान पहुंचाया। ये तोड़-फोड़ के वीडियो अब सामने आ रहे हैं, जो पूरे आयोजन की अव्यवस्था को उजागर करते हैं।

कोलकाता में हुई इस निराशा के बावजूद, मेसी का भारत दौरा अभी जारी है। आज, 13 दिसंबर को मेसी हैदराबाद में हैं। शाम 7:00 बजे राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में 7 vs 7 का एक मैच आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद एक म्यूजिकल कॉन्सर्ट होगा। इसके बाद मेसी 14 दिसंबर को मुंबई का दौरा करेंगे। यहां दोपहर 3:30 बजे से ब्रेबोर्न स्टेडियम में पेडल कप आयोजित होगा, उसके बाद 4 बजे सेलिब्रिटी फुटबॉल मैच में भी मेसी श्रकत करेंगे व शाम 5 बजे वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इवेंट और चैरिटी फैशन शो का हिस्सा बनेंगे। 15 दिसंबर को लियोनेल मेसी की दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मेसी से मुलाकात होगी व अरूण जेटली स्टेडियम में आयोजित इवेंट में मेसी के फैंस उनका दीदार कर पाएंगे। फैंस को उम्मीद है कि हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली में मेसी का स्वागत और आयोजन बिना किसी अव्यवस्था के हो।

अर्जेंटीना के इस महान फुटबॉलर के प्रति भारतीय फैंस का क्रेज़ तो साफ़ दिखा, लेकिन आयोजकों की लापरवाही ने इस ऐतिहासिक पल को निराशा में बदल दिया। अब देखना यह है कि बाकी दो शहरों में मेसी के चाहने वाले उन्हें कितना करीब से देख पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed