25 सितम्बर को 25,000 से अधिक स्थानों पर एक करोड़ से अधिक विद्यार्थी, अभिभावक एवं जनसमुदाय एक साथ गाएँगे सम्पूर्ण ‘वन्दे मातरम्’

दिल्ली: वन्दे मातरम् के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में 25 सितम्बर 2026, शुक्रवार को देशभर में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रातः 11 बजे देश के 25,000 से अधिक स्थानों पर एक करोड़ से अधिक विद्यार्थी, आचार्य, अभिभावक एवं नागरिक एक साथ सम्पूर्ण ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन करेंगे। यह आयोजन ‘एक स्वर – एक संकल्प – एक भारत’ की भावना को अभिव्यक्त करेगा।

‘नमामि भारतम्’ केवल सामूहिक गायन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को ‘वन्दे मातरम्’ की ऐतिहासिक यात्रा, स्वतंत्रता आंदोलन में उसके योगदान और उसके राष्ट्रीय महत्व से जोड़ने का व्यापक अभियान है। इसके अंतर्गत विद्यालयों में संवाद, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा ‘वन्दे मातरम्’ के इतिहास एवं स्वतंत्रता संग्राम में उसकी भूमिका से संबंधित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।

‘वन्दे मातरम्’ भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जन-जन में राष्ट्रभाव जागृत करने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रगीत रहा है। स्वतंत्रता के पश्चात इसे राष्ट्रीय गीत का सम्मान प्राप्त हुआ, जबकि ‘जन गण मन’ को राष्ट्रीय गान के रूप में स्वीकार किया गया। ‘नमामि भारतम्’ के माध्यम से देशभर में इसकी 150 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा और राष्ट्रीय जीवन में इसके योगदान को स्मरण किया जा रहा है।

इस राष्ट्रव्यापी आयोजन को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स तथा इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा एक साथ सर्वाधिक संख्या में विद्यार्थियों एवं आमजन द्वारा एक स्वर में ‘वन्दे मातरम्’ के सामूहिक गायन के रूप में रिकॉर्ड प्रमाणन हेतु सूचीबद्ध किया गया है। दोनों संस्थाओं ने विद्या भारती के विद्यालयों एवं इस अभियान के लिए शुभकामनाएँ भी प्रेषित की हैं।

विद्या भारती दिल्ली प्रांत के महामंत्री डॉ. सतीश माहेश्वरी के अनुसार, दिल्ली में लगभग 300 स्थानों पर एक लाख से अधिक विद्यार्थी, आचार्य, अभिभावक एवं नागरिक ‘नमामि भारतम्’ में सहभागी होंगे।

दिल्ली में प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार है:

मुख्य कार्यक्रम

स्थान: पीजीडीएवी कॉलेज परिसर, रिंग रोड, नेहरू नगर, लाजपत नगर, नई दिल्ली – 110065
समय: 25 सितम्बर 2026, प्रातः 11:00 बजे
मुख्य अतिथि: श्री देशराज शर्मा, अखिल भारतीय महामंत्री, विद्या भारती

अन्य कार्यक्रम

1. माता लीलावंती सरस्वती बाल मंदिर
एल ब्लॉक, हरि नगर, नई दिल्ली – 110064
(दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल के निकट)
मुख्य अतिथि: श्री सुखराज सेठिया, अध्यक्ष, उत्तर क्षेत्र, विद्या भारती

2. शैडले पब्लिक स्कूल
प्रेस कॉलोनी, जी-8 एरिया, राजौरी गार्डन, नई दिल्ली – 110064
मुख्य अतिथि: डॉ. सतीश माहेश्वरी, महामंत्री, विद्या भारती दिल्ली प्रांत

3. श्री सनातन धर्म सरस्वती बाल मंदिर
रोड नंबर 70, पंजाबी बाग, नई दिल्ली
मुख्य अतिथि: डॉ. अनिल अग्रवाल, माननीय संघचालक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, दिल्ली प्रांत

वहीं दिल्ली के अलावा गुवाहाटी में होने वाले नमामि भारतम कार्यक्रम में पूर्व सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। आपको बता दें की यह पहला मौका होगा जब उपेंद्र द्विवेदी किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed