‘घूसखोर पंडत’ पर मचा बवाल! मनोज बाजपेयी की नई फिल्म के नाम पर भड़के ब्राह्मण समुदाय के लोग, बायकॉट की उठी मांग
मनोज बाजपेयी और नीरज पांडे की जोड़ी जब भी साथ आती है, कुछ बड़ा धमाका करती है। लेकिन इस बार धमाका फिल्म की कहानी से ज्यादा उसके नाम पर हो रहा है। नेटफ्लिक्स की अपकमिंग फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ का टीजर जैसे ही रिलीज हुआ, विवादों का जिन्न बाहर निकल आया। फिल्म के टाइटल को लेकर सोशल मीडिया पर जातिवाद के आरोप लग रहे हैं और इसे एक विशेष समुदाय को निशाना बनाने की कोशिश बताया जा रहा है।
नीरज पांडे के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ का टीजर रिलीज होते ही विवादों के घेरे में आ गया है। फिल्म का नाम ‘घूसखोर पंडत’ रखना कई सोशल मीडिया यूजर्स को रास नहीं आ रहा है। लोगों का आरोप है कि फिल्म निर्माताओं ने जानबूझकर एक जाति विशेष को अपमानित करने के लिए यह टाइटल चुना है। इंटरनेट पर नेटफ्लिक्स के खिलाफ नफरत फैलाने के आरोप लग रहे हैं और फिल्म का नाम बदलने की मांग जोर पकड़ रही है। सोशल मीडिया पर आलोचनाओं की बाढ़ आ गई है। यूजर्स का कहना है कि यह फिल्म की टीम की जिम्मेदारी है कि वे किसी की भावनाओं को आहत न करें। कई लोग अब सीधे नेटफ्लिक्स को बायकॉट करने की धमकी दे रहे हैं।
विवादों से इतर, अगर टीजर की बात करें तो फिल्म की कहानी एक भ्रष्ट पुलिस ऑफिसर अजय दीक्षित (मनोज बाजपेयी) के इर्द-गिर्द घूमती है। टीजर की शुरुआत एक दमदार डायलॉग से होती है— हर करप्ट ऑफिसर को बदलने को मौका मिलता है, अब अजय दीक्षित की बारी है। फिल्म यह दिखाएगी कि क्या सिस्टम की गंदगी में डूबा एक ऑफिसर खुद को सुधार पाएगा? फिल्म में नुसरत भरुचा, दिव्या दत्ता और साकिब सलीम जैसे मंझे हुए कलाकार भी अहम किरदारों में हैं।
मनोज बाजपेयी हाल ही में ‘फैमिली मैन 3’ की सफलता का स्वाद चख रहे हैं, लेकिन उनकी इस नई फिल्म ने रिलीज से पहले ही मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। नीरज पांडे जो अपनी सस्पेंस फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, क्या वे इस विवाद के बाद फिल्म का नाम बदलेंगे? या फिर ‘घूसखोर पंडत’ इसी नाम के साथ ओटीटी पर दस्तक देगी? यह देखना दिलचस्प होगा।
