भारत मंडपम में ‘महावीर कथा 3.0’ का सफल आयोजन, हज़ारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा

नई दिल्ली का प्रतिष्ठित भारत मंडपम रविवार को मंत्रों और भजनों की ध्वनि से गुंजायमान रहा। अवसर था ‘महावीर कथा 3.0’ का, जहाँ भगवान महावीर के 2625 साल पुराने दिव्य संदेशों को आधुनिक संदर्भ में जीवंत किया गया। जैन संत आचार्य लोकेश मुनि की गरिमामयी उपस्थिति और प्रसिद्ध वक्ता राजीव जैन ‘सीए’ के ओजस्वी विचारों ने हज़ारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य लोकेश मुनि के पावन सानिध्य में हुई, जिनकी उपस्थिति ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। कथा वाचन की कमान संभाली प्रसिद्ध वक्ता राजीव जैन ‘सीए’ ने। उन्होंने भगवान महावीर के त्याग, तपस्या और सिद्धांतों को इतनी सरलता और भावुकता से प्रस्तुत किया कि वहां मौजूद हर श्रद्धालु खुद को महावीर के युग से जुड़ा हुआ महसूस करने लगा। कथा के दौरान आत्मशुद्धि और अपरिग्रह जैसे गूढ़ विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

समारोह को संबोधित करते हुए मनोनीत नगर पार्षद और फाउंडेशन के निदेशक मनोज कुमार जैन ने भगवान महावीर के संदेशों की वर्तमान प्रासंगिकता पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि— ‘महावीर का जियो और जीने दो का सिद्धांत आज के युद्धग्रस्त युद्ध के लिए एकमात्र समाधान है।‘मनोज जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत वैश्विक तनाव को समाप्त करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने अहिंसा, अपरिग्रह और आत्मशुद्धि को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

महावीर कथा 3.0 की सफलता के पीछे एक मज़बूत टीम का हाथ रहा। कार्यक्रम की सूत्रधार अमीषा जैन के कुशल संचालन और प्रदीप जैन के मधुर भजनों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। मनोज जैन ने आयोजन की सफलता के लिए सुभाष ओसवाल जैन, अनिल कुमार जैन (सीए), वीणा जैन और सत्य भूषण जैन समेत पूरी टीम की सराहना की। यह आयोजन महज़ एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और आध्यात्मिक जागरण का एक सशक्त मंच बनकर उभरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *