‘बैरी पिया’ गाने पर ज्योति ने शेयर किया अपना दर्द, आंखों में दिखी उदासी
भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह की प्रोफेशनल लाइफ जितनी सुपरहिट है, उनकी पर्सनल लाइफ उतनी ही उलझी हुई नजर आ रही है। पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच का झगड़ा अब किसी से छिपा नहीं है। लेकिन हाल ही में ज्योति सिंह ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसे देखकर उनके फैंस हैरान भी हैं और परेशान भी।
सोशल मीडिया पर अक्सर एक्टिव रहने वाली ज्योति सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है। हरे रंग के सूट में ज्योति बेहद खूबसूरत लग रही हैं, लेकिन उनकी आंखों की उदासी कुछ और ही कहानी कह रही है। झूले पर बैठकर किताब पढ़ते हुए ज्योति ने इस वीडियो के बैकग्राउंड में फिल्म ‘देवदास’ का मशहूर गाना ‘बैरी पिया’ लगाया है। वीडियो के साथ शेयर किए गए ‘सैड इमोजी’ ने फैंस को ये सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या ज्योति अब भी इस टूटे हुए रिश्ते के दर्द से उबर नहीं पाई हैं।
ज्योति का ये वीडियो सामने आते ही कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। जहाँ एक तरफ लोग ज्योति की खूबसूरती की तारीफ कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके दर्द को देखकर फैंस भावुक हो रहे हैं। एक यूजर ने लिखा— ‘भगवान आपको खुश रखे’, तो किसी ने लिखा— ‘आपको इस हालत में देखकर बहुत दुख होता है।’ वहीं, कुछ कट्टर फैंस पवन सिंह की आलोचना करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। लोगों का कहना है कि ज्योति को अब इस दर्द से बाहर निकलना चाहिए।
पवन सिंह और ज्योति सिंह का रिश्ता शुरू से ही विवादों में रहा है। साल 2015 में पहली पत्नी नीलम सिंह की आत्महत्या के बाद पवन ने 2018 में ज्योति से शादी की थी। लेकिन कुछ ही समय बाद दोनों के बीच दरार आ गई। फिलहाल तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है और दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। ज्योति अक्सर इंटरव्यूज में पवन पर गंभीर आरोप लगा चुकी हैं, लेकिन उनके ये ‘सैड पोस्ट’ बताते हैं कि यादें अब भी पीछा नहीं छोड़ रही हैं।
पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच सुलह होगी या ये रिश्ता हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा, इसका फैसला तो कोर्ट करेगा। लेकिन ज्योति सिंह का ये ताजा वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है।
