अक्षरा सिंह और आम्रपाली दुबे ने सालों बाद खत्म की अपनी ‘कोल्ड वॉर’

भोजपुरी जगत से एक ऐसी खबर आ रही है जिसने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। दो ऐसी दिग्गज अभिनेत्रियां, जो कभी एक-दूसरे की जान हुआ करती थीं, लेकिन फिर सालों तक एक-दूसरे की शक्ल तक नहीं देखी—जी हां, हम बात कर रहे हैं अक्षरा सिंह और आम्रपाली दुबे की। पटना से लेकर मुंबई तक हर कोई हैरान है कि आखिर सालों पुरानी ये ‘कोल्ड वॉर’ खत्म कैसे हुई? क्या ये सिर्फ एक फोटो है या फिर भोजपुरी सिनेमा के पावर इक्वेशंस बदलने वाले हैं?

अक्षरा सिंह और आम्रपाली दुबे का रिश्ता कभी सगी बहनों जैसा हुआ करता था। लेकिन कहते हैं कि राजनीति हो या सिनेमा, दरार आने में वक्त नहीं लगता। दरअसल, इनकी दोस्ती में कड़वाहट तब आई जब पवन सिंह और अक्षरा का रिश्ता टूटा था और पवन ने अचानक दूसरी शादी का फैसला कर लिया था। आम्रपाली ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि वो उस मुश्किल वक्त में अक्षरा के साथ खड़ी थीं, लेकिन फिर कुछ ऐसी ‘गलतफहमी’ हुई कि दोनों के बीच सालों की लंबी खामोशी छा गई।

लेकिन अब लगता है कि ‘बीती ताही विसार दे’ की तर्ज पर दोनों ने अपने गिले-शिकवे दूर कर लिए हैं। अक्षरा सिंह ने हाल ही में आम्रपाली के साथ कई खूबसूरत फोटोज शेयर कीं, जिसमें दोनों का बॉन्ड पहले जैसा ही नजर आ रहा है। अक्षरा ने कैप्शन में दिल और नजर से बचाने वाला इमोजी लगाया, तो आम्रपाली ने भी ‘लव इमोजी’ के साथ अपनी सहेली पर प्यार लुटाया। सोशल मीडिया पर इस पोस्ट के आते ही फैंस खुशी से झूम उठे हैं और इसे भोजपुरी सिनेमा के लिए एक बड़ा पल बता रहे हैं।

गॉसिप के गलियारों में अब सवाल ये उठ रहा है कि क्या ये दोस्ती सिर्फ सोशल मीडिया तक है या फिर पर्दे पर भी कोई बड़ा धमाका होने वाला है? क्या आम्रपाली और अक्षरा की ये नजदीकी भोजपुरी इंडस्ट्री के किसी ‘पावरफुल’ ग्रुप की ओर इशारा है? जो भी हो, लेकिन इन सहेलियों के एक साथ आने से ये साफ है कि पुरानी कड़वाहट अब इतिहास हो चुकी है।

अक्षरा और आम्रपाली का एक साथ आना फैंस के लिए किसी बड़ी फिल्म की रिलीज से कम नहीं है। अब देखना ये है कि इनकी ये ‘री-यूनियन’ भोजपुरी जगत में क्या नया ‘क्लाइमेक्स’ लेकर आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *