विधायक अनंत सिंह और सोनू सूद की वीडियो कॉल पर हुई बातचीत, एक्टर ने अनंत सिंह को बलाया मुंबई

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो कॉल की चर्चा हर तरफ हो रही है। एक तरफ हैं मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह और दूसरी तरफ हैं बॉलीवुड स्टार सोनू सूद। दोनों के बीच हुई इस बातचीत ने न केवल फैंस को चौंका दिया है, बल्कि यह भी साफ कर दिया है कि बिहार का अंदाज बड़े-बड़े सितारों को भी अपना मुरीद बना लेता है। सोनू सूद ने अनंत सिंह को मुंबई बुलाया है, तो अनंत सिंह ने भी अपने खास ‘मोकामिया’ अंदाज में उनका न्योता स्वीकार किया है।

वायरल वीडियो में सोनू सूद बड़े ही आदर के साथ अनंत सिंह को मुंबई आने का न्योता देते नजर आ रहे हैं। सोनू कहते हैं— आपमुंबईआइये न हमारे पास। इस पर अनंत सिंह अपनी चिर-परिचित मुस्कान के साथ सिर्फ एक शब्द में जवाब देते हैं— ‘आवेंगे’। बातचीत यहीं नहीं रुकी, सोनू सूद ने यह भी इच्छा जाहिर की कि वे खुद मोकामा आकर अनंत सिंह के घर पर बिहार का मशहूर ‘लिट्टी-चोखा’ खाना चाहते हैं। विधायक जी ने भी मुस्कुराते हुए बड़े दिल से उन्हें आमंत्रित किया। यह वीडियो क्लिप अब व्हाट्सएप स्टेटस से लेकर फेसबुक तक हर जगह छाया हुआ है।

सोनू सूद का अनंत सिंह के प्रति यह लगाव नया नहीं है। इससे पहले भी एक पॉडकास्ट में उन्होंने कहा था कि अनंत सिंह का व्यक्तित्व उन्हें बेहद रोचक लगता है। सोनू ने यहाँ तक खुलासा किया था कि वे अपनी फिल्मों के किरदारों के लिए उनके व्यक्तित्व से प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने याद किया कि जब वे पिछली बार पटना गए थे, तब अनंत सिंह के बेटे उनसे मिलने आए थे। उसी मुलाकात के दौरान उन्हें अनंत सिंह के अंदाज और उनके प्रभाव के बारे में गहराई से पता चला, जिसे वे अपनी फिल्मों में उतारना चाहते हैं।

सोनू सूद अक्सर बिहार और भोजपुरी कलाकारों के प्रति अपना सम्मान जाहिर करते रहे हैं। उन्होंने पवन सिंह, मनोज तिवारी और खेसारी लाल यादव को अपना पसंदीदा बताया है। उनकी आने वाली फिल्म ‘नंदी’ में भी बिहार की झलक प्रमुखता से दिखाई देगी। इस फिल्म में पवन सिंह का मशहूर गाना ‘आईए ना, हमारा बिहार में’ भी शामिल किया गया है। सोनू सूद का मानना है कि बिहार की संस्कृति और वहां का माहौल सिनेमा के लिए एक बेहतरीन कैनवस है। अनंत सिंह के साथ उनकी यह बातचीत इसी लगाव का एक और हिस्सा मानी जा रही है।

बॉलीवुड और बिहार का यह मेल आने वाले समय में बड़े पर्दे पर क्या रंग लाता है, यह देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल तो फैंस को इंतजार है उस दिन का, जब सोनू सूद मोकामा की धरती पर ‘छोटे सरकार’ के साथ लिट्टी-चोखा का स्वाद लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *